ABC News: कानपुर में मंगल भवन के रखरखाव, संचालन और निर्माण कार्यों से जुड़ी दोनों समितियों के भंग करने के नगर आयुक्त के निर्णय को नगर निगम कार्यकारिणी ने निरस्त कर दिया है. इसके अलावा, चुन्नीगंज स्थित कन्वेंशन सेंटर के टेंडर को कैंसिल कर दिया गया है. नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में महापौर और पार्षदों ने इन दोनों फैसलों को लेकर नगर आयुक्त और अफसरों पर सवाल उठाए.
उन्होंने कहा कि मंगल भवन को लेकर सारी मंजूरी कार्यकारिणी और सदन से हुई थीं. ऐसे में अगर कोई फैसला लिया जाना था तो पहले प्रस्ताव को कार्यकारिणी और सदन में लाना चाहिए था. इसके बाद नगर आयुक्त के निर्णय को कार्यकारिणी ने निरस्त कर दिया. इसके साथ ही चुन्नीगंज स्थित कन्वेंशन सेंटर के इस माह प्रस्तावित शुभारंभ पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं. कन्वेंशन सेंटर को लेकर पिछले दिनोंनगर निगम का मेसर्स बालाजी इंफ्रास्ट्रक्चर से अनुबंध हुआ था.
महापौर ने बताया कि कन्वेंशन सेंटर की जगह नगर निगम की है. उस समय तय हुआ था कि यहां से जो आय होगी, उसमें 50 प्रतिशत हिस्सा नगर निगम और 50 प्रतिशत हिस्सा स्मार्ट सिटी का होगा. महापौर ने बताया कि नगर आयुक्त बैठक में यह नहीं बता पाए कि इसमें नगर निगम को कितनी आय होगी. अब नए सिरे से कन्वेंशन सेंटर के प्रस्ताव को कार्यकारिणी में लाना होगा. इसके अलावा बाबूपुरवा के मुंशीपुरवा में पार्क की जमीन पर पार्किंग का फैसला यथावत रहेगा,, यहां पर विधायक मो. हसन रूमी ने पार्क बनाने के लिए एनओसी मांगी थी, जिसे मंजूरी नहीं दी गई है.

