ABC News: पनकी मेंं डीजल टैंकरों से तेल चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. बताया जा रहा है कि डीजल टैंकरों से तेल चोरी को लेकर पिछले तीन चार दिनों से मिल रहे इनपुट के आधार पर एसीपी सुमित रामटेके ने यह कार्रवाई की. इस दौरान वह न केवल मौके पर पहुंचे बल्कि तेल टैंकरों की जांच भी की, जिसमें तेल चोरी के साक्ष्य भी मिले.
इस दौरान यहां पर चेारी का तेल खरीदने वाले लोग भी मिले, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. एसीपी क्राइम सुमित रामटेके ने बताया कि पूर्व में अप्रैल माह में उन्होंने इस तरह तेल चोरी का भंडाफोड़ किया था, जिसके बाद वहां पर इस तरह की घटनाएं बंद हो गई थीं, लेकिन अब फिर से यहां पर सक्रिय गिरोह अपने काम में लग गया था. इसमें यहां से जो डीजल टैंकर जाते थे, उसमें से सक्रिय गिरोह ट्रक चालक से सांठगांठ कर तेल चोरी कर लेता था. एक एक टैंकर से 60 से 70 लीटर डीजल चोरी किया जाता था. उन्होंने बताया कि एक टैंकर, एक वैगन आर कार जब्त करने के अलावा पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

उन्होंने बताया कि आरोपी तेल चोरी करके ड्राइवर को 70 रूपए के हिसाब से पेमेंट करते थे, जबकि आसपास के जो खरीदार आते थे, उन्हें 75 रूपए प्रति लीटर के हिसाब से डीजल बेचा जाता था.

