ABC News: कानपुर के साउथ एक्स मॉल में एक्टर सनी देओल की फिल्म गदर-2 के शो के दौरान जमकर बवाल हुआ. बताया जा रहा है कि यहां पर एसी बंद होने पर फिल्म देखने आए दर्शकों ने जमकर हंगामा किया. दर्शकों ने टिकट के पैसे वापस मांगने शुरू कर दिए. इससे उनकी बाउंसरों से कहासुनी हो गई. इसके बाद यहां के बाउंसरों ने दर्शकों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा. पुलिस ने मॉल मैनेजर समेत अन्य के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है.
कानपुर में #Gadar2 फिल्म देखने आए दर्शकों के साथ मारपीट की गई. किदवईनगर के साउथ एक्स मॉल के बाउंसरों ने पुलिस के सामने मारपीट की घटना को अंजाम दिया. यहां पर एसी बंद होने पर दर्शक टिकट का पैसा वापस मांग रहे थे.#Kanpur pic.twitter.com/mF4zfQkFOL
— Abcnews.media (@abcnewsmedia) August 17, 2023
बाबूपुरवा थानाक्षेत्र में आने वाले साउथ एक्स मॉल में बुधवार को गदर-2 फिल्म का नाइट शो चल रहा था. बीच शो के दौरान ही हॉल का एसी बंद हो गया. इससे यहां पर फिल्म देखने आए दर्शक गर्मी और उमस से बेहाल हो गए. कोई सुनवाई न होती देखकर दर्शकों ने टिकट के पैसे वापस मांगने शुरू कर दिए. इस दौरान दर्शकों ने हंगामा भी किया. विवाद और हंगामा की सूचना पाकर जूही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. इस दौरान भी विवाद होता रहा. इसके बाद बाउंसरों ने पुलिस के सामने ही टिकट के पैसे वापस मांग रहे दर्शकों को जमकर पीटा. माहौल गर्माता देखकर पुलिस ने किसी तरह बीचबचाव कर मामला शांत कराया. माहौल देखते हुए देर रात तक मॉल के बाहर फोर्स तैनात रहा. जूही पुलिस का कहना है कि मामले में दर्शक रजत गुप्ता की तहरीर पर मॉल के प्रबंधक और बाउंसरों के खिलाफ मारपीट, अभद्रता करने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है. CCTV और मौके पर मोबाइल से बनाए गए वीडियो सामने आए हैं. जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

