ABC News: कानपुर में गुजैनी थानाक्षेत्र के दबंगों ने किशोर के साथ दरिंदगी की सीमाएं पार कर दीं. दबंग पहले युवक को अगवा कर सूनसान स्थान पर ले गए. इसके बाद उसके साथ मारपीट कर उसकी जेब में पड़े छह हजार रूपए निकाल लिए. इसके बाद चप्पल में थूककर न केवल उसे चटवाया बल्कि यूरीन भी पिलाई. दबंग इतने बेखौफ थे कि पूरी घटना का उन्होंने वीडियो बनाकर भी उसे वायरल कर दिया. वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस ने चार दिन बाद पीड़ित से संपर्क कर तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज कर ली.
बताया जा रहा है कि गुजैनी निवासी 17 वर्षीय किशोर की कॉस्मेटिक की दुकान है. किशोर के अनुसार 25 जून की शाम वह दुकान पर था. इस दौरान जरौली फेज टू निवासी परिचित दीपक पाल की कॉल आई. फोन पर उसने कहां की उसे घर वालों ने निकाल दिया है और वह राम गोपाल चौराहे पर खड़ा है. इस पर वह दुकान बंद कर गल्ले में रखे छह हजार रुपये जेब में लेकर उससे मिलने पहुंचा. उसका कहना है कि वहां दीपक, शांतनु और डीके के साथ कार में बैठा था. वह लोग उसे कार में बैठा कर एक कमरे में ले गए, जहां तीनों ने बंधक बनाकर मारपीट की. चप्पल पर थूक कर उसे चटवाने के साथ जबरदस्ती उसे यूरीन भी पिलाई गई. इस दौरान पूरी घटना का शांतनु वीडियो बनाता रहा. डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि मामले में तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगाई गई हैं. जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी.

