ABC News: कोडीनयुक्त सीरप और नशीली दवाओं को बेचने के आरोपित 50 हजार के इनामी विनोद अग्रवाल को क्राइम ब्रांच और कलक्टरगंज थाना पुलिस ने हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस की जांच में 20 लाख कोडीनयुक्त सीरप की बोतल बेचे जाने का मामला सामने आया है.
डीसीपी क्राइम श्रवण कुमार सिंह और एडीसीपी क्राइम अंजली विश्वकर्मा ने बताया कि सरगना विनोद अग्रवाल ने 47 फर्मों को सीरप सप्लाई करने बात कबूली है. जबकि पुलिस की जांच में सामने आया है कि शातिर ने 350 से ज्यादा फर्माे को कोडीनयुक्त सीरप सप्लाई किया था. पुलिस ने बाजार से 11.50 लाख बोतल सीरप बरामद कर लिया है जबकि 8.50 लाख बोतल सीरप अभी बरामद करना बाकी है. इसके लिए पुलिस जल्द ही सरगना विनोद अग्रवाल को कोर्ट से कस्टडी रिमांड मांगेगी. गौरतलब हो कि इस मामले में कुल आठ मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं. मामले की जांच कर रही क्राइम ब्रांच विनोद अग्रवाल के बेटे समेत अन्य आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है.
डीसीपी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि औषधि लाइसेंस की आड़ में एनडीपीएस श्रेणी से संबंधित कोडीनयुक्त सीरप व नशीली दवाएं बेचने मामले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की सचिव रोशन जैकब ने छापेमारी कर एक लाख बोतल कफ सीरप बरामद किया था. सीरप बरामदगी के लिए पुलिस सरगना विनोद अग्रवाल का कोर्ट से कस्टडी रिमांड लेकर इसे बरामद करेगी. आरोपियों के खाते और संपत्ति भी चिन्हित की जा रही है जिनकी जब्तीकरण की कार्रवाई भी जाएगी. उन्होंने बताया कि जांच में दो फर्माें के नाम भी सामने आए हैं जिसमें आरोपित ने कोडीनयुक्त कफ सीरप के सप्लाई करने की बात कही थी लेकिन पूछताछ में पता चला कि उन फर्मों की आड़ में दूसरी जगह सप्लाई की थी.जिस पर अब ट्रांसपोर्टर और चालक से पूछताछ की जा रही है.पूरे प्रकरण की जांच एसआइटी कर रही है.

