ABC News: सेन पश्चिमपारा थानाक्षेत्र में पुरानी रंजिश में अधेड़ का अपहरण कर लाठी–डंडों से पीट कर हत्या कर दी गई. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शव को डाढ़ेपुरवा गांव के पास निकली नहर में फेंक दिया. 36 घंटे बाद जब युवक का शव मिला, तो ग्रामीणों के साथ परिजनों ने थाने का घेराव कर लिया.

बताया जा रहा है कि बिनगवां, बस्ती निवासी ट्रैक्टर चालक विमल कुमार को बीती दो जुलाई को रमईपुर निवासी इरफान खान अपनी एसयूवी कार में बैठाकर ले गया था. उस समय विमल पास मेें रहने वाले अपने चाचा के साथ घर वापस लौट रहा था. परिजनों का कहना है कि काफी खोजबीन के बाद जब विमल नहीं मिला, तो चौकी में इसकी सूचना दी गई.

बताया जा रहा है कि विमल जानलेवा हमले के एक मामले में मुख्य गवाह थे. इस केस की अंतिम सुनवाई 12 जुलाई को होनी थी. जिस समय इरफान अपने साथियों के साथ विमल को ले गया, उसका सीसीटीवी वीडियो भी परिजनों को मिला. इसके बाद शुक्रवार को नहर में विमल का शव उतराता हुआ मिला तो ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने शव को जब निकलवाया तो मृतक के सिर पर लाठी–डंडों से चोट के निशान मिले. साथ ही गले में अंगौछा फंसा मिला.

बताया जा रहा है कि पुलिस ने गुरुवार रात इरफान को इटावा से गिरफ्तार किया. सख्ती से पूछताछ पर उसने हत्या कबूल कर ली और बताया कि आधा दर्जन साथियों के साथ मिलकर नहर किनारे विमल के मुंह को अंगोछे से बांधकर उसके चेहरे और सिर पर हथौड़े से हमला किया गया और फिर शव को पनकी नहर में फेंक दिया गया.
हालांकि, डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी का कहना है कि जिस शख्स को नामजद किया गया है, उसकी तलाश की जा रही है, घटना में जो अन्य संदिग्ध हैं, उसमें कुछ को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

