ABC News: साउथ सिटी में कानपुर मेट्रो के दौड़ने की तारीख भले ही अभी घोषित न हुई हो लेकिन इससे जुड़े परीक्षण लगातार किए जा रहे हैं. कानपुर मेट्रो को नौबस्ता तक 80 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड में दौड़ाकर अब हाईस्पीड ट्रायल किया गया है. इस दौरान ‘स्पीड ब्रेक टेस्ट’ भी किया गया, जिसमें ट्रेन को अधिकतम गति से चलाकर ब्रेकिंग सिस्टम की कार्यक्षमता परखी गई. गौरतलब हो कि कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक ‘अप-लाइन’ पर ट्रैक, थर्ड रेल सिस्टम, सिग्नलिंग आदि के कार्य पूरे होने के बाद से मेट्रो ट्रेन के टेस्ट रन की प्रक्रिया चल रही है. प्रारंभिक चरण में ट्रेन को मैनुअल मोड में 5 किमी प्रति घंटा की ‘लो-स्पीड’ पर चलाकर टेस्ट किया गया था.

आगामी चरणों में टेस्टिंग के दौरान सिग्नलिंग से संबंधित मैप वेरिफिकेशन टेस्ट किए गए, जिसमें ट्रैक के साथ लगे उपकरण जैसे टीआरए सिग्नल, एक्सल काउंटर आदि के सॉफ्टवेयर लोकेशन को वास्तविक लोकेशन के साथ वेरिफाई करने के बाद सॉफ्टवेयर को अपडेट करने की प्रक्रिया पूरी की गई. सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद आज दोनों लाइनों पर ‘हाई-स्पीड’ टेस्ट किया गया. मेट्रो अफसरों के अनुसार, नौ और 10 की मध्य रात्रि में यह हाईस्पीड टेस्ट किया गया है. इस दौरान मेट्रो को ऑटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्शन मोड (एटीपी मोड) पर दोनों लाइनों ‘डाउनलाइन’ और ‘अप-लाइन’ पर कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता स्टेशन तक चलाकर परखा गया. गौरतलब है कि वर्तमान में कॉरिडोर-1 के अंतर्गत आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक लगभग 16 किमी की दूरी में यात्री सेवा का परिचालन हो रहा है. कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक शेष 8 किमी सेक्शन पर यात्री सेवा शुरू होते ही कॉरिडोर-1 का निर्माण पूरा हो जाएगा.

इसके साथ ही सात नए स्टेशन यात्रियों के लिए खोल दिए जाएंगे, जिनमें दो अंडरग्राउंड स्टेशन (झकरकटी और ट्रांसपोर्ट नगर) तथा पांच एलिवेटेड स्टेशन (बारादेवी, किदवई नगर, वसंत विहार, बौद्ध नगर और नौबस्ता) शामिल हैं. टेस्टिंग प्रक्रिया के दौरान ट्रैक, पावर सप्लाई एवं अन्य इंटरफेसों की गहन जांच की जा रही है. इससे प्राप्त डेटा का विश्लेषण परिचालन की दृष्टि से किया जाएगा. इसके अतिरिक्त कानपुर मेट्रो ने इंडिपेंडेंट सेफ्टी असेसमेंट के लिए एक विदेशी एजेंसी को भी नियुक्त किया हुआ है. इस एजेंसी के प्रतिनिधि ने ट्रेन सिग्नलिंग से सम्बंधित सभी मानकों जैसे अधिकतम स्पीड, सिग्नलिंग इंस्टालेशन, 2 ट्रेनों के बीच सेपरेशन आदि की जांच की. आगामी दिनों में भी सिग्नलिंग, ट्रैक, रोलिंग स्टॉक, पावर सप्लाई आदि विभिन्न विभागों से जुड़ी टेस्टिंग प्रक्रियाएं जारी रहेंगी.

