ABC News:18 जुलाई को ब्लैक सी में यूक्रेन के हमले मेें जान गंवाने वाले कानपुर निवासी मर्चेंट नेवी अफसर सागर गुप्ता का शव बुधवार को दिल्ली से उनके शास्त्रीनगर स्थित आवास पहुंचा. जैसे ही सागर गुप्ता का शव एंबुलेंस के जरिए यहां पर लाया गया, वैसे ही उनके परिजनों की आंखों से आंसुओं की धारा फूट पड़ी.
इस दौरान सागर की बहन, पत्नी और भतीजी काफी ज्यादा बदहवास देखी गईं. सागर के अंतिम दर्शन के लिए यहां पर मोहल्ले के लोगों के अलावा भाजपा, सपा और अन्य दलों के पदाधिकारी और पुलिस अफसर भी नजर आए. भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सागर के परिजन उसके शव को तिरंगे से लिपटाने की मांग करते रहे, उनका कहना था कि सागर ने अपनी जान युद्ध में गंवाई है, ऐसे में उसके पार्थिव शरीर पर तिरंगा होना चाहिए. हालांकि, बाद में यहां पर सागर गुप्ता के पार्थिव शरीर पर तिरंगा ओढ़ाया गया.
वहीं, सागर गुप्ता के परिजनों ने उन्हें शहीद का दर्जा देने के साथ ही दो करोड़ रूपया मुआवजा, पत्नी को सरकारी नौकरी की मांग की है. परिजनों का कहना है कि सागर के दो बच्चे हैं, जिनका पालन पोषण मुश्किल होगा.
यही नहीं, 18 दिन बाद सागर का शव पहुुंचने पर भी परिजनों ने सरकार पर सवाल खड़े किए हैं. उनका कहना है कि 18 जुलाई को हुई मौत के बाद भी शुरूआती दौर में सरकार ने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया, अधिकारियों के आश्वासन पर उन्होंने भरोसा उठने की भी बात कही.

