ABC News: कानपुर में कल्याणपुर थाना क्षेत्र के रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट में दवा कारोबारी की निर्मम हत्या कर दी गई. पुलिस को फ्लैट के कमरे में फर्श पर खून से लथपथ उनका शव मिला है. पुलिस के अनुसार, दवा कारोबारी का गला किसी धारदार हथियार से रेता गया है और शरीर पर किसी नुकीली चीज से कई वार किए गए हैं.
मृतक की पहचान अपार्टमेंट के सी-104 फ्लैट निवासी विनीत मिनोचा के रूप में हुई है. हाई-सिक्योरिटी वाली इस पॉश सोसाइटी के भीतर हुई इस वारदात से आसपास के निवासियों में दहशत का माहौल है. पुलिस ने घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया, जिसने साक्ष्य संकलित किए हैं. परिजनों से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
आशंका जताई जा रही है कि वारदात रात करीब साढ़े दस बजे से तड़के तीन बजे के बीच की गई. उस वक्त कारोबारी का बेटा, बहू और पौत्र पार्टी में गए हुए थे. जब परिजन घर लौटे तो फ्लैट का मेन गेट खुला था. अंदर जाने पर कारोबारी का शव फर्श पर पड़ा मिला. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने घटनास्थल घर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली है, जिसमेें दो संदिग्ध घर में जाते हुए दिखाई दिए हैं. फुटेज के आधार पर पुलिस ने दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है.
पुलिस अपार्टमेंट के मुख्य गेट और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. परिजनों ने किसी तरह की रंजिश से इनकार किया है. पुलिस हत्या की वजह और संदिग्धों की भूमिका की जांच कर रही है.

