ABC News: (रिपोर्ट: सुनील तिवारी) अयोध्या में राम मंदिर में होने वाली प्रतिष्ठा समारोह को लेकर अब कानपुर को राममय करने की तैयारी महापौर ने की है. इसको लेकर एक दिन पहले धर्मगुरूओं के साथ बैठक करने वाली महापौर प्रमिला पांडेय अब गुरूवार से प्रतिदिन डेढ़ घंटे की पदयात्रा करेंगी.

मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम के भजनों और गाजे बाजे के साथ यह पदयात्रा निकाली जाएगी. इस पदयात्रा की शुरूआत महापौर आनंदेश्वर मंदिर, परमट में दर्शन करने के साथ ही शुरू करेंगी. इस बात की जानकारी देते हुए महापौर ने बताया कि भगवान राम का कानपुर से भी नाता है. ऐसे में 22 जनवरी को पूरे कानपुर को राममय किया जाएगा. नगर निगम की तरफ से शहर के सारे मंदिरों के आसपास सफाई कराने के साथ उन्हें लाइटों से रोशन किया जाएगा. सभी पार्षदों को 5100 दिए भी दिए गए हैं, जिसे वह अपने क्षेत्रों में बांटेंगे. यह कार्यक्रम 10 जनवरी से शुरू किया जाएगा, इसके अलावा सदन से भी वह प्रस्ताव पास कराएंगी. महापौर ने बताया कि रावतपुर स्थित रामलला मंदिर के गर्भग्रह में वह चांदी का सिंहासन बनवाकर भी लगवाने जा रही हैं, क्योकिं अयोध्या के बाद कानपुर के रावतपुर में ही एकमात्र रामलला का मंदिर है. महापौर ने कहा कि मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रोें में जिन मंदिरों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है, वहां भी वह रोशनी करवाने की तैयारी कर रही हैं. महापौर ने कहा कि मुस्लिम भाई भी इस दिन हर जगह जगमग करें क्योंकि राम सभी के आराध्य हैं. महापौर ने कहा कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर वह ऐसा उत्सव करना चाहती हैं,जिससे पूरा शहर राममय ही दिखाई दे.

