ABC News: कानपुर में सोमवार शाम फूलबाग से ओईएफ जाने वाले रास्ते पर बनी सब्जी मंडी में अचानक आग लग गई. इससे पहले कि यहां पर कोई कुछ समझता, बांस के टट्टर से बनी कई दुकानों को आग ने अपनी चपेट में ले लिया.
तेजी से फैलती आग को देखकर यहां के दुकानदारों में भी अफरातफरी मच गई और हर कोई अपना जरूरी सामान, रूपए और वाहन आदि को बचाने की जद्दोजहद में जुट गया. बताया जा रहा है कि आग की घटना डीएवी ग्राउंड के बाहर बनी दुकानों में लगी. आग की वजह से यहां पर आवागमन भी बंद हो गया.
जब तक यहां पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचती, तब तक आग ने कई दुकानों को स्वाहा कर दिया. डीएवी ग्राउंड में क्रिकेट सीखने के लिए आने वाले बच्चे भी आग की वजह से सहमे हुए दिखाई दिए. बताया जा रहा है कि आग की घटना में दुकानों में रखे सिलेंडर यहां पर फटे हैं, हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हो पायी.
इसके अलावा यहां पर खड़ी एक बाइक भी आग की चपेट में आकर खाक हो गई, आग से प्रभावित दुकानदारों के यहां पर आंसू रूकने का नाम नहीं ले रहे थे.
इसमें एक युवक की बहन की शादी जून के महीने में थी, जिसको लेकर वह परेशान दिखा, उसने बताया कि यहां से निकल रहे बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट हुआ. जिसकी चिंगारी से दुकान में आग लगी.
पीड़ित का कहना है कि करीब 40 दुकानें आग की वजह से स्वाहा हुई हैं. इस बीच, यहां पर दमकल की कई गाड़ियां पहुंची और आग पर काफी मशक्कत के बाद काबू पाया.
स्थानीय सब्जी विक्रेताओं में नगर निगम के खिलाफ आक्रोश देखा गया और उन्होंने यहां पर नारेबाजी भी की.

