ABC News: कश्मीर के बांदीपोरा में सेना का ट्रक खाई में गिरने से बलिदान हुए शिवराजपुर के दुर्गापुर गांव के पवन यादव का पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन हो गया. इससे पहले जब सेना के ट्रक से बलिदानी पवन यादव का पार्थिव शरीर चकेरी से उनके घर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया.

इन सबके बीच आसपास के गांव के ग्रामीण हाथों में तिरंगा थामे भारत माता की जय के नारे लगाते रहे. पवन यादव की मौत से उसके गांव दुर्गापुर में मातम पसरा रहा. उसके पार्थिव शरीर के साथ सेना के अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी भी गांव पहुंचे.

यहां पर रोते-बिलखते परिजनों को ढांढस बंधाने वालों का तांता लगा लगा रहा. दुर्गापुर गांव के बलिदानील पवन यादव आरआरटीए की 155 बटालियन में तैनात थे. शनिवार को हुए हादसे में उनके साथ तीन और जवान बलिदान हुए थे. इस दौरान पिता और पत्नी समेत बच्चे भी बेसुध नजर आए.

जैसे ही पवन यादव के घर से उनकी अंतिम यात्रा निकली, हाथों में तिरंगा थामें हजारों ग्रामीण भी उनके साथ हो लिए. जब तक सूरज चांद रहेगा, पवन तेरा नाम रहेगा के गगनभेदी नारों के बीच बलिदानी की अंतिम यात्रा शिवराजपुर के गंगाघाट पहुंची. यहां पर सैन्य सम्मान के साथ उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया गया.

इस दौरान सेना के अधिकारी भी बलिदानी के परिवार को सांत्वना देते हुए नजर आए. यहां पर कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला विधायक राहुल बच्चा सोनकर, डीएम राकेश कुमार सिंह, डीसीपी पश्चिम राजेश कुमार सिंह समेत अन्य लोगों ने श्रद्धांजलि दी.

