ABC News: कानपुर में नाला सफाई को लेकर नगर आयुक्त ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है. गौरतलब हो कि नाला सफाई को लेकर लगातार सवाल उठाए जा रहे थे. पिछले दिनों प्री मानसून की बारिश में भी जगह जगह जलभराव हुआ था, जिसके बाद नगर निगम अधिकारियों के रवैये पर सवाल खड़े हो रहे थे.

इसके बाद नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने अपर नगर आयुक्त अमित कुमार से गोपनीय जांच कराई. इस जांच में नाला सफाई में बरती जा रही लापरवाही सामने आ गई. फिलहाल जो रिपोर्ट आयी है उसमें न केवल नाला सफाई करने वाले ठेेकेदारों बल्कि अधिकारियों की लापरवाही भी सामने आयी. रिपोर्ट में बारिश के दौरान जलभराव की भी आशंका जताई गई. इसके बाद नगर आयुक्त ने तीन ठेकेदार फर्मों को ब्लैक लिस्ट कर दिया है, इनकी सिक्योरिटी मनी भी जब्त होगी, यही नहीं, तीन अभियंताओं का वेतन रोकने के भी निर्देश दिए हैं. इसके अलावा जोन दो और तीन के अधिशाषी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता को यह निर्देश दिए हैं कि पांच दिनों के अंदर यहां पर युद्धस्तर पर नाला सफाई की जाए.इसके अलावा मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी का गठन कर एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी है.
इन ठेकेदार फर्मों को किया ब्लैक लिस्ट
मेसर्स अंशिका इंटरप्राइजेज
मेसर्स माॅ बाला देवी कंस्ट्रक्शन कंपनी
मेसर्स जय कुण्डनीय दरबार कंस्ट्रक्शन
इन अभियंताओं पर हुआ एक्शन
जोन-2 के अवर अभियंता आकाशदीप
जोन-3 के अवर अभियंता सिद्धार्थ सिंह गौतम
जोन-3 के सहायक अभियंता योगराज सिंह

