ABC News: कानपुर ही नहीं, आसपास के इलाकों में श्रद्धा का केंद्र बाबा आनंदेश्वर धाम, इस समय गंदगी से पटा पड़ा है. मंदिर में पिछले एक सप्ताह से फूल नहीं उठाए गए हैं. मंदिर के महंत ने चेतावनी दी है, कि अगर आज रविवार तक इन फूलों का निस्तारण किया जाये. ऐसा नहीं हुआ तो सोमवार को दर्शन के लिए मंदिर नहीं खोला जाएगा. इस संबंध में उन्होंने एक वीडियो भी जारी किया है.

परमट स्थित बाबा आनंदेश्वर धाम में हर दिन हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं. मंदिर में भारी मात्रा में फूल, प्रसाद और दूध-जल अर्पित किया जाता है. इस समय वहां आंनदेश्वर कॉरिडोर बनाने का कार्य चल रहा है. इसके अंतर्गत नमामि गंगे मंत्रालय वहां कार्य करा रहा है. जिसमें गंगा की सफाई से लेकर सड़क बनाने और अवैध अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं. मंदिर के महंत महेंद्र नाथ भारती ने एक वीडियो जारी कर अपनी बात कहीं है. उनका आरोप है कि पिछले दिनों से मंदिर में निर्माण कार्य ठप पड़ा है. इस वजह से मंदिर की गंदगी नहीं उठाई जा रही है. एक सप्ताह से नगर निगम कर्मी साफ-सफाई करने ही नहीं पहुंचे. हालात ये है कि मंदिर एवं आसपास के इलाके में हजारों टन फूल और पूजन सामग्री एकत्र हो गए हैं. इनका निस्तारण नहीं किया गया है जिससे परेशानी हो रही है. महंत महेंद्र नाथ भारती ने कहा कि फूल नहीं उठने से श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इसके लिए नगर निगम के अफसर और कर्मचारी जिम्मेदार हैं. फूलों की तादाद हर दिन बढ़ती जा रही है. जिससे भक्तों को असुविधा हो रही है. उन्होंने चेतावनी दी, कि अगर रविवार तक इन फूलों का निस्तारण नहीं किया गया तो सोमवार को भक्तों के लिए मंदिर के पट बंद रहेंगे. इस मुद्दे पर मंदिर प्रबंधन एवं पदाधिकारियों से चर्चा हों चुकी है. जब तक फूल नहीं उठ जाते, मंदिर बंद रखा जाएगा.

