ABC News: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने एक बार फिर प्रदेश में हो रहे एनकाउंटर को लेकर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में एनकाउंटर गलत, अवैध और गैरकानूनी ढंग से हो रहे हैं.

देर रात उन्नाव में सुल्तानपुर डकैती कांड के आरोपी अनुज प्रताप सिंह की एसटीएफ के साथ हुई मुठभेड़ पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष कुछ नहीं बोले लेकिन इतना जरूर कहा कि कोई भी एनकाउंटर होता है, तो उसमें आमने सामने मुठभेड़ होती है लेकिन आज तक जितने भी एनकाउंटर हुए, उसमें किसी में भी किसी को पैर में गोली नहीं लगी. उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधी को पहले पकड़ कर लाया जाता है और फिर गोली मार दी जाती है. नेता प्रतिपक्ष ने इसे मानवता विरोधी और संवैधानिक दृष्टि से भी गलत बताया. उन्होंने कहा कि जितने भी एनकाउंटर हुए हैं, उसमें मुस्लिम, यादव और ब्राह्मणों की संख्या अधिक है. पूर्व विधायक इरफान सोलंकी के जाजमऊ स्थित आवास में उनकी मां, पत्नी और अन्य परिजनेां से मुलाकात करते हुए नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने आरोप लगाया कि जेल में इरफान के साथ ज्यादती हो रही है. इस दौरान सपा मुखिया अखिलेश यादव के मठाधीश और माफिया वाले बयान को लेकर भी वह कुछ कहने से बचते दिखे. सीसामऊ उपचुनाव को लेकर कहा कि पार्टी मुखिया ने नाम फाइनल कर दिया है. बाकी चुनाव को लेकर स्थानीय नेता सारी रणनीति तय करेंगे.

