ABC News: कानपुर में अवैध किडनी ट्रांसप्लांट के मामले में किडनी लेने वाली महिला पारूल तोमर और डोनर आयुष को लखनऊ के डा. राम मनोहर लोहिया संस्थान में रेफर कर दिया गया. गुरूवार को सुबह 10 बजे के बाद दोनों ही मरीजों को जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेश्यलिटी ब्लॉक से लखनऊ रवाना कर दिया.
हालांकि, इससे पहले अवैध रूप से किडनी ट्रांसप्लांट कराने वाली पारूल तोमर की हालत यहां पर स्थिर हो गई थी.जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सौरभ अग्रवाल ने बताया कि दोनों मरीजों को एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस में एनेस्थीसिया नेफ्रोलॉजी यूरोलॉजी और मेडिसिन के एक डॉक्टर की विशेष टीम की निगरानी में भेजा गया है. यह टीम आपात स्थितियों में किडनी डोनर और रिसीवर के स्वास्थ्य का ख्याल रखेंगी. उन्होंने बताया कि कि डॉ राम मनोहर लोहिया संस्थान में किडनी डोनर और रिसीवर का बेहतर इलाज किया जा सकेगा, क्योंकि ट्रांसप्लांट के बाद सात दिनों तक किसी भी समय इन मरीजों उच्च चिकित्सा और ट्रांसप्लांट के विशेषज्ञ की जरूरत पड़ सकती है. उन्होंने बताया कि एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस में वेंटिलेटर सहित उच्च चिकित्सा के सभी उपकरण लगे हुए हैं, जो रेफर करने के दौरान होने वाली गंभीरता में उपयोगी साबित होंगे,, लखनऊ में इलाज के सारे संसाधन मौजूद हैं.

