ABC News: (रिपोर्ट: सुनील तिवारी) न्यू कानपुर सिटी के लिए आखिरकार वह दिन भी आ गया, जब किसानों से जमीन खरीदने का केडीए का सपना भी साकार हो गया. पहले दिन सिंहपुर कछार और गंगपुर के छह किसानों की जमीन को केडीए ने खरीदा. इसको लेकर दिनभर रजिस्ट्री आफिस में केडीए के अफसर डटे रहे. किसानों से जमीन खरीदने के बाद केडीए अफसर भी उत्साहित दिखे.

जिन छह किसानों से केडीए ने न्यू कानपुर सिटी के जिए जमीन खरीदी है, उन्हें सर्किल रेट की चार गुना रकम दी गई है. आपको बता दें कि न्यू कानपुर सिटी के लिए अब तक 106 काश्तकार अपनी जमीनों को बेचने पर सहमति जता चुके हैं. शनिवार को 12 किसानों की रजिस्ट्री होनी थी लेकिन समय अधिक हो जाने की वजह से केवल छह किसानों की जमीनों की रजिस्ट्री हो पायी. गौरतलब हो कि न्यू कानपुर सिटी में करीब 10 हजार आवासीय प्लॉट विकसित किए जाएंगे.इसमें व्यावसायिक उपयोग, अस्पताल, स्कूल, कालेजों, मॉल, मल्टीप्लेक्स आदि के लिए प्लॉट अलग से होंगे. इन प्लॉट्स का आकार 91 से 300 वर्ग मीटर तक होगा.इस योजना में जमीन खरीदने के लिए शासन ने केडीए को 150 करोड़ रुपये दिए हैं.

