ABC News: केडीए ने काफी अर्से के बाद बड़ा एक्शन लिया है. केडीए उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे डीएम विशाख जी के निर्देश के बाद केडीए ने सपा नेता विष्णु कुमार यादव उर्फ पंगु यादव के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया और करीब 45 करोड़ की जमीन अवैध कब्जों से मुक्त करा ली. अभियान के दौरान केडीए ने एक-दो नहीं बल्कि पांच बुलडोजर का उपयोग किया और करीब 21 हजार वर्गमीटर जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त कराया.

केडीए उपाध्यक्ष ने खाली कराई गई जमीन का परीक्षण करने के बाद भूखंडों की नीलामी के भी निर्देश दिए हैं. आपको बता दें कि सपा नेता पंगु यादव के खिलाफ आईजीआरएस और अन्य माध्यमों से केडीए अधिकारियों को शिकायत मिल रही थी. केडीए अफसरों ने बताया कि इन शिकायतों की जब जांच की गई तो पाया गया कि सपा नेता पंगु यादव ने अवैध तरीके से जमीनों पर न केवल कब्जा किया बल्कि वहां पर व्यापारिक गतिविधियां भी संचालित कर रहा है.

इसके बाद केडीए का प्रवर्तन दस्ता पांच बुलडोजर लेकर पहले बर्रा पहुंचा. यहां पर आराजी संख्या-509, 511, 300, 502 (कुल क्षेत्रफल लगभग 5000 वर्गमी.) की भूमि पर ट्रक बॉडी रिपेयर आदि का काम किया जा रहा था. इसके अलावा इसी के बगल में करीब एक हजार वर्ग मीटर जमीन पर कबाड़ का काम भी संचालित किया जा रहा था.

इसी तरह बर्रा में आराजी संख्या-876, 884 (कुल क्षेत्रफल लगभग 15000 वर्गमी.) भूमि पर अवैध कब्जा कर चट्टे एवं कबाड़ का कार्य संचालित किया जा रहा था, इन सभी जगहों पर बुलडोजर चलाकर सभी कब्जे ध्वस्त कर दिए गए.

