ABC News: सावन के पहले सोमवार को शिवराजपुर में कांवड़ियों ने जमकर हंगामा किया. बताया जा रहा है कि देर रात यहां पर इतनी भीड़ उमड़ आयी कि उसे काबू करने में पुलिस के पसीने छूट गए.
बताया जा रहा है कि भीड़ बेकाबू होने पर यहां पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने लाठी चला दी. जिससे यहां पर एक कांवड़िये को चोट लग गई और वह गिरकर घायल हो गया. इसके बाद उसके समर्थकों ने शिवराजपुर थाने का घेराव कर लिया. कांवड़ियों पर आरोप है कि उन्होंने पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट और गाली-गलौज की. इस दौरान जमकर हंगामा और नारेबाजी होती रही. हालांकि, पुलिस का कहना है कि कांवड़ियों ने भ्रमित होकर पहले स्काउट गाइड और होमगार्ड के जवानों से मारपीट की.
घायल कांवड़िये को शिवराजपुर पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है. पुलिस के अनुसार, पुलिस कर्मियों से मारपीट और गाली-गलौज की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. पुलिस ने पांच उपद्रवी कांवड़ियों को चिन्हित किया है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.

