ABC News: धनतेरस के दिन पीपीएन मार्केट स्थित प्रतिष्ठित ज्वैलर्स की दुकान में ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गैंग का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने गिरोह के पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर इनके पास से सोने की चेन और करीब साढ़े 12 किलो नकली चांदी बरामद की है.
गिरोह का खुलासा करते हुए डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि धनतेरस के दिन पीपीएन मार्केट में प्रतिष्ठित ज्वैलरी शॉप में ठगी की घटना की गई थी. गिरोह के सदस्यों ने पहले नकली रांगा पर चांदी की परत को चढ़ाकर उसकी सिल्ली तैयार की फिर गिरोह के सदस्य मोहित वर्मा और नंदू शाक्य ज्वैलरी शॉप में नकली चांदी की सिल्ली बेचने और सोने के सिक्के और चेन खरीदने पहुंचे. इन दोनों ने राहुल अग्रवाल के नाम पर फर्जी आधार कार्ड ज्वैलर्स को पकड़ाया, इस दौरान वह ज्वैलर्स को अपनी बातों में फंसाए रहे, बाद में उन्होंने चांदी की सिल्लियां उसे पकड़ा दी और उसे बेचकर सोने की खरीद ली, चूंकि उस दिन धनतेरस होने की वजह से दुकान में भीड़ दी तो ज्वैलर्स ने चांदी को चेक नहीं किया. उसके बाद गैंग किराए का आटो लेकर फरार हो गए. इस दौरान उन्होंने शहर के बाहर अपनी कार को खड़ा किया.बाद में ठगी का पता चला तो ज्वैलर्स ने रिपोर्ट दर्ज करायी.
इसके बाद पुलिस ने कैमरों की जांच के अलावा सर्विलांस के जरिए गिरोह तक पहुंची और आगरा निवासी मोहित कुमार वर्मा, नंदू शाक्य, राज कुमार वर्मा, संजय वर्मा और विनोबा नगर चकेरी निवासी प्रवीण सिंह को गिरफ्तार किया. गिरोह के तीन सदस्य अभी भी फरार हैं. पूछताछ में गिरोह ने कई राज्यों में वारदात कबूल की हैं, जिसमें यह लोग रांगा पर चांदी की परत चढ़ाकर ज्वैलर्स के साथ धोखाधड़ी कर ठगी करते थे. इससे पूर्व गैंग कोटा, जयपुर, देहरादून, गुना, शिवपुरी, दिल्ली और ग्वालियर में भी ठगी की घटनाएं कर चुका है.

