ABC News: अब आम आदमी को भी जेल के खाने का स्वाद मिलेगा. इसको लेकर कानपुर जेल के बाहर कैंटीन की शुरूआत कर दी गई है. रविवार को जब जेल की कैंटीन का शुभारंभ हुआ तो लंबे समय बाद सांसद सत्यदेव पचौरी और महापौर प्रमिला पांडेय न केवल एक साथ नजर आए बल्कि खुशनुमा माहौल में जेल की कैंटीन का फीता भी काटा और यहां के स्नैक्स का स्वाद भी चखा. कैंटीन के शुभारंभ से उत्साहित महापौर तो यहां पर चाय बनाने के लिए भी उत्सुक नजर आयीं.

गौरतलब हो कि नगर निगम चुनाव में जब प्रमिला पांडेय को महापौर का टिकट बीजेपी की तरफ से मिला था, तभी से सांसद पचौरी काफी नाराज देखे जा रहे थे, उसके बाद यह पहला मौका है, जब दोनों किसी कार्यक्रम में एक साथ दिखाई दिए. आपको बता दें कि डीएम विशाख जी की पहल पर इस कैंटीन की शुरूआत की गई है. डीएम ने बताया कि सुबह के नाश्ते से लेकर दोपहर का खाना और शाम के नाश्ते की सुविधा इस कैंटीन में उपलब्ध होगी. कैंटीन में मिलने वाला बन और ब्रेड भी जेल में बंद कैदी तैयार करेंगे, इसके अलावा चाय के लिए जिस कुल्हड़ का इस्तेमाल होगा. उसे भी कैदी ही तैयार करेंगे. इसको लेकर कैदियों को ट्रेनिंग दी जा चुकी है. कैंटीन को उन कैदियों की तरफ से संचालित किया जाएगा जो जेल में अपनी सजा पूरी कर चुके हैं.

डीएम ने कहा कि इससे कलेक्ट्रेट, तहसील और जेल में आने वाले मुलाकातियों के खाने की बड़ी समस्या हल होगी. इसके साथ ही बंदियों को इसका पारिश्रमिक भी मिलेगा. सुबह नौ बजे से शाम सात बजे तक इसका संचालन किया जाएगा, रेट भी बाजार से कम रखे गए हैं.

