ABC News: कानपुर में एक बार फिर साइबर फ्रॉड के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है. इस खुलासे के बाद यह सामने आ रहा है कि साइबर फ्रॉड के बड़े मामले विदेशों से संचालित हो रहे हैं. बुधवार को जिस मामले का खुलासा हुआ, उसमें चकेरी के एक शख्स के साथ निवेश के नाम पर ढाई करोड़ की ठगी की गई थी. पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने बताया कि इस मामले मेें सात लोगों को गिरफ्तार किया गया. गौरतलब हो कि इसके पहले करीब साढ़े पांच करोड़ रूपए के साइबर फ्रॉड के जिस मामले का खुलासा हुआ था, उसमें भी स्थानीय अभियुक्तों का इंडोनेशिया से कनेक्शन सामने आया था.
मामले में पीड़ित व्यक्ति से जून के महीने में फेसबुक के जरिए कंबोडिया की महिला ने संपर्क साधा. धीरे-धीरे विश्वास जताने के बाद, उसे एक वेबसाइट deepgtp-india.vip और व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा गया. लगभग छह महीने (जून से दिसंबर) तक उसे यूपीआई, एटीएम तथा NEFT/RTGS के माध्यम से 96 संदिग्ध बैंक खातों में रूपए मंगवाए गए. जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो उसे और उसके परिवार को परेशान किया जाने लगा. जिसके बाद साइबर क्राइम थाने में पीड़ित ने एफआईआर दर्ज करायी थी. पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने बताया कि इसके बाद जब जांच की गई तो संदिग्ध खातों में एक कानपुर का मिला. इसके बाद तहकीकात करते हुए सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने उनके कब्जे से 8 मोबाइल फोन, 42 बैंक पासबुक, 10 एटीएम कार्ड, 1 लैपटॉप, क्रिप्टोकरेंसी वॉलेट विवरण और लगभग 1.50 करोड़ रुपये के यूएसडीटी लेनदेन के रिकॉर्ड बरामद किए हैं. पूछताछ में सामने आया कि गिरोह संगठित तरीके से काम करता था.
लोगों कोव्हाट्सएप या टेलीग्राम ग्रुप में शामिल करके लोगों को अधिक मुनाफे का लालच दिया जाता था. फर्जी ट्रेडिंग ऐप और प्रोफाइल के जरिए शुरुआती लाभ दिखाकर बड़ी रकम निवेश के लिए प्रेरित किया जाता, फिर धमकियों के बल पर पैसे हड़प लिए जाते थे. ठगी की रकम को कैश डिपॉजिट मशीन के जरिए जमा कराया जाता और फिर क्रिप्टोकरेंसी (यूएसडीटी) में बदलकर धन के स्रोत को छुपा दिया जाता था. जांच में पता चला है कि यह गिरोह कंबोडिया में बैठे मुख्य आरोपियों के निर्देश पर काम करता था. कंबोडियन लड़की के रूप में फर्जी प्रोफाइल बनाकर पीड़ितों से दोस्ती की जाती थी. बाद में, एक फिल्मी अंदाज में कंबोडिया के स्टूडियो में तैयार किए गए सेट पर, एक व्यक्ति लड़की के पिता और फौजी कर्नल का रोल अदा करता था. कानपुर में बैठे ये सात स्थानीय ऑपरेटर मालदार लोगों को तलाश करते और कंबोडिया से मिले निर्देशों पर ठगी को अंजाम देते थे. इसके बदले उन्हें चार प्रतिशत तक कमीशन मिलता था. पुलिस को जांच में बाबूपुरवा निवासी ओसामा के विभिन्न बैंकों में 12 खाते मिले. ओसामा कंबोडिया में रहने वाली महिला के संपर्क में था.
ये आरोपी किए गए गिरफ्तार
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बाबूपुरवा निवासी ओसामा, मोहम्मद यूसुफ, मो. शावेज़, मो. फैज अनवर अंसारी, न्यू अंबेडकरनगर जाजमऊ निवासी मो. आरिफ, चटाई मोेहाल, फीलखाना निवासी बिलाल और प्रयागराज निवासी अल हुमेद शामिल हैं. इन पर तेलंगाना, गुजरात, राजस्थान समेत कई राज्यों में अन्य साइबर मामले भी दर्ज हैं.

