ABC News: बार एसोसिएशन चुनाव में देर शाम आए परिणाम में अध्यक्ष पद पर इंदीवर बाजपेयी ने जीत हासिल की है. वहीं, महामंत्री पद पर कांटे की टक्कर के बाद अमित सिंह विजयी घोषित हुए हैं. सुबह करीब 35 मिनट की देरी से शुरू हुई मतगणना में अध्यक्ष पद पर इंदीवर बाजपेयी शुरूआत से ही बढ़त बनाए रहे. राउंड दर राउंड इंदीवर बाजपेयी की बढ़त लगातार बढ़ती रही.

इसके बाद शाम छह बजे करीब वह मौका आया, जब इंदीवर बाजपेयी 700 वोटों से आगे हो गए तो उनकी जीत पक्की मानकर समर्थक उत्साहित हो गए और कचहरी के बाहर उत्साहित होकर नारेबाजी करने लगे. अध्यक्ष पद पर घोषित चुनाव परिणाम में इंदीवर बाजपेयी 2067 वोट पाकर पहले स्थान पर रहे, जबकि दूसरे स्थान पर दिनेश कुमार शुक्ला रहे, जिन्हें 1534 वोट मिले. इस तरह इंदीवर बाजपेयी ने दिनेश शुक्ला को 533 वोटों से हराया.

कांटे की टक्कर के बाद अमित सिंह को मिली जीत
वहीं, महामंत्री पद पर मतगणना की शुरूआत से लेकर अंत तक कांटे की टक्कर चलती रही. मतगणना के दौरान कभी अमित सिंह तो कभी विनय मिश्रा और कभी सुशील कुमार सिंह आगे पीछे होते रहे. इसको लेकर तीनों प्रत्याशियों के समर्थकों की धड़कनें उपर नीचे होती रहीं लेकिन शाम करीब सात बजे जब चुनाव परिणाम घोषित किया गया तो 1293 वोट पाकर अमित सिंह महामंत्री पद पर विजयी घोषित किए गए, जबकि दूसरे स्थान पर विनय मिश्रा रहे, जिन्हें 1257 वोट मिले, तीसरे स्थान पर सुशील कुमार सिंह को 1103 वोट मिले.

