ABC News: कानपुर के मुस्लिम क्षेत्रों में बंद पड़े बंद मंदिरों को खोलने को लेकर अब विवाद गहराने लगा है. एक तरफ जहां मुस्लिम धर्मगुरुओं ने पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन देकर महापौर पर शहर का सौहार्द बिगाड़ने का आरोप लगाया है, वहीं, महापौर प्रमिला पांडेय भी खुलकर सामने आ गई हैं. महापौर ने मुस्लिम धर्मगुरूओं के आरोपों का विरोध करते हुए कहा है कि उन्होंने जो भी कार्रवाई की, वह नगर निगम की पंचशाला को देखने के बाद ही की.
नगर निगम की पंचशाला में सभी 124 मंदिर अभी तक दर्ज हैं. उन्होंने कहा कि कब्जा करने वालों पर अब वह मुकदमा लिखाएंगी. इसके साथ ही महापौर ने यह भी कहा कि जब तक उनकी सांस रहेगी, तब तक वह मंदिर को तलाशती रहेंगी. इसके लिए उन्होंने मंडलायुक्त और पुलिस कमिश्नर को भी पत्र भेजने की बात कही है. महापौर ने कहा कि प्रशासन बताए कि मंदिर कैसे खाली होंगे. पूजा अधिनियम के तहत आजादी से पहले जो मंदिर हैं, वो उन्हीं स्थिति में बने रहेंगे. महापौर ने कहा कि बंद पड़े मंदिरों में मूर्तियों को खंडित कर दिया गया, यह किस एक्ट के तहत किया गया. इसको लेकर कर्नलगंज लुधौरा के मंदिर का उन्होंने उदाहरण भी दिया. उन्होंने कहा कि मंदिरों में फैक्ट्री, कारखाने चलाए जा रहे हैं. मैंने जो मंदिर ढूढ़ा है, वहां कभी अष्टधातु की मूर्तियां थी, उनकी करोड़ों में कीमत थी. वह मूर्तियां आखिरकार कहां चली गईं. उन्होंने कहा कि वह मंदिरों की साफ सफाई कराकर प्रशासन को चाभी सौंप देंगी. उन्होंने कहा कि जब मंदिरों में मूर्तियां ही नहीं हैं तो वहां पूजा किसकी होगी.

