ABC News: कानपुर के बिल्हौर क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने एक दुखद मोड़ ले लिया. यहां पर एक किसान ने पत्नी को मनाने के प्रयास में ट्रक के आगे कूदकर जान दे दी. पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लिया है. बताया जा रहा है कि अरौल थाना क्षेत्र के खाडामऊ गांव निवासी किसान लवकुश और उनकी पत्नी मोनी के बीच कई दिनों से मनमुटाव चल रहा था.
मंगलवार रात को दोनों में विवाद हुआ. पत्नी ने 112 पर शिकायत की. इस दौरान पुलिस आई, लेकिन लवकुश के न मिलने पर सुबह थाने आने की बात कहकर वापस लौट गई. बुधवार सुबह मोनी ने अपने मायके कन्नौज में सूचना दी. इस पर उसकी मां शकुंतला और भाई वीरू सिंह घर आ गए. दोपहर में जब मोनी अपनी मां और भाई के साथ थाने जा रही थी, तभी अरौल के मकनपुर तिराहे पर लवकुश ने उन्हें बातचीत के लिए रोका और थाने न जाने के लिए मान मनौव्वल करता रहा. इस दौरान लवकुश ने अचानक अरौल से मकनपुर की तरफ जा रहे एक ट्रक के नीचे छलांग लगा दी. जिससे वह ट्रक के पिछले पहियों के नीचे आ गया. जब तक ट्रक चालक ब्रेक लगाता तब तक लवकुश की पहियों के नीचे आकर मौत हो गई. पूरी घटना पास की दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक और चालक को हिरासत में ले लिया.

