ABC News: कानपुर में सीसामऊ विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में रोड शो करने आए अभिनेता और सांसद रवि किशन का कहना है कि अयोध्या के अपमान का बदला इस चुनाव में हिंदू लेने जा रहा है. हिंदू अब कभी नहीं बंटेगा. उन्होंने कहा कि अयोध्या की हार से हिंदू सबक ले चुका है, अब हम एकजुट हैं और जातियों में नहीं बटेंगे.
अयोध्या के बाद एक एक हिंदू जाग्रत हो चुका है. उन्होंने कहा कि सीसामऊ में विधायक की जो कार्यशैली थी, वह किसी से छिपी नहीं है. उन्होंने कहा कि उपचुनाव में भाजपा छह से सात सीटें जीतने जा रही है. सीसामऊ में भाजपा का कमल खिल रहा है. इसमें कोई इफ एंड बट नहीं है. चुनाव परिणाम के दिन यह बात खुद ब खुद सामने आ जाएगी. सीसामऊ विधानसभा में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन रोड शो कर रहे सांसद रवि किशन यहां पर अपने चिर परिचित अंदाज में दिखे.
ब्रजेंद्र स्वरूप पार्क से शुरू हुआ रोड शो विभिन्न इलाकों में घूमा. रवि किशन को देखने के लिए इस दौरान लोगों की भीड़ जुटी. रोड शो के दौरान रवि किशन के रथ के आगे भाजपाई जत्था बनाकर निकले. जबकि रथ पर तमाम नेता सवार रहे.

