ABC News: गौ संरक्षण को लेकर शासन की प्राथमिकताओं के बीच अब भूसा बैंक और हरे चारे की उपलब्धता बढ़ाने पर जोर दिख रहा है. इसी को लेकर अपर मुख्य सचिव मुकेश कुमार मेश्राम ने कानपुर मे कई गौशालाओं का निरीक्षण किया और फिर मंडलायुक्त आवास पर बैठक की.
इस बैठक में निराश्रित गोवंश को लेकर गौशाला में क्या व्यवस्थाएं हैं, उन्हें किस तरह का चारा उपलब्ध कराया जा रहा है. बीमार गोवंश के इलाज की क्या व्यवस्था है, इसको लेकर न केवल उन्होंने जांच की बल्कि स्थानीय अफसरों के साथ मंथन भी किया. गोवंश के संरक्षण और पोषण पर जोर देने के साथ वर्तमान हालातों को देखते हुए गोबर गैस के महत्व को बताया गया. इसके अलावा गोबर से लट्ठे बनाकर उनके उपयोग को लेकर जनता को जागरूक करने को कहा गया. अपर मुख्य सचिव ने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के बेतहाशा इस्तेमाल से मिट्टी की उर्वकर क्षमता कम हो रही है. ऐसे में गोबर, गोमूत्र के जरिए उसकी उर्वरक क्षमता को भी बढ़ाया जा सकता है.
उन्होंने कहा कि इसके अलावा भूसा बैंक बनाने की योजना पर काम चल रहा है, जिससे गोवंश के लिए साल भर भूसे की दिक्कत न रहे. इसके अलावा हरे चारे के लिए नेपियर घास पर जोर दिया जा रहा है, जिससे साल में छह बार गोवंश को हरा चारा उपलबध होगा और यह घास कम से कम दस साल तक चलती भी है. इसके अलावा गोंवश का संवर्धन करने के लिए हरदोई के सरोगेसी मॉडल को अपनाने पर जोर दिया गया.शुरूआती चरण में पांच-पांच गायों पर इसको अपनाने पर मंथन किया गया.

