ABC News: रविवार को प्रदेश के पहले नमो वन का राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने लोकार्पण किया. कानपुर नगर निगम द्वारा जापानी पद्धति मियावाकी से जंगल को तैयार किया गया है. विजय नगर स्थित चिल्ड्रेन पार्क में करीब 1.80 लाख पौधे लगाए गए हैं. 2 साल में यहां पौधे 10 गुना तेजी से बढ़े हैं.

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि प्रकृति को बचाने के लिए नियमों का पालन करना होगा और यह घर से ही शुरू करना है. इसमें पानी बचाना है, गंदगी नहीं फैलाना है और पौधे लगाना है. उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा त्योहार छठ पूजा का आज अंतिम दिन है. नदी के घाट पर जल के बीच पूजा की जाती है, अगर पानी न होता तो फिर कैसे पूजा होती है. पानी के लिए बरसात का इंतजार करना पड़ता और बरसात के लिए पेड़ होना जरूरी है. प्रकृति को बचाने के लिए सभी को जागरूकता के साथ चेतना भी लानी होगी. उन्होंने कहा, लगातार तापमान बढ़ रहा है, वैज्ञानिकों का मानना है कि यही स्थिति रही तो 25 साल बाद हिमालय पिघल जाएगा बर्फ खत्म हो जाएगी. अब इसे बचाने के लिए सभी को आगे आना होगा और पौधे लगाने होंगे. यहां माली और कर्मचारी अपना दायित्व समझ रहे तो हमको भी अपना दायित्व समझना होगा. प्रकृति को बचाने के लिए नियमों का पालन करना होगा और यह घर से ही शुरू करना होगा.

पानी बचाने, गंदगी न फैलाने और पौधे लगाने होंगे. ट्रैफिक नियमों का पालन न करने से दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं, इसलिए हेलमेट और सीट बेल्ट लगाना जरूरी है. राजपाल ने कहा कि दूषित पानी जमीन के अंदर डालने से वही पानी सबमर्सिबल के माध्यम से निकालकर लोग पी रहे है. इससे किडनी, कैंसर और हॉट अटैक के मरीज बढ़ रहे हैं. यह समझना होगा कि विरासत में क्या दे रहे हैं, अगर कुछ नहीं दे सकते तो उसे संभालकर रखें. उन्होंने कहा कि नमो वन पौधे लगाने वाले मालियों को सरकारी सुविधाएं दीजिए. नगर निगम लखनऊ व काशी में कार्यक्रम किया था, वहां सरकारी सुविधाएं दिलाई गईं हैं. इससे माली के बच्चे पढ़ेंगे तो इंजीनियर-डॉक्टर बनेंगे. कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि गंगा की उपेक्षा की तो वह दूर होती गईं. पर्यावरण को दुरुस्त रखने के लिए सभी को जागरूक होना होगा. महापौर प्रमिला पांडेय, सांसद सत्यदेव पचौरी व देवेंद्र सिंह भोले, विधायक नीलिमा कटियार, सुरेंद्र मैथानी, मंडलायुक्त डॉ राजशेखर, नगर आयुक्त शिव शरणप्पा जीएन मौजूद रहे.

