ABC News: कानपुर से प्रयागराज तक गंगा किनारे जल पर्यटन को विकसित करने के लिए बड़ी योजना तैयार की गई है. इसमें प्रतिवर्ष की गंगा वाटर रैली भी शामिल है, जिसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है और नवंबर के अंत में बोट क्लब के उद्घाटन पर इसकी शुरुआत हो सकती है. इसके लिए गंगा किनारे के पर्यटन स्थलों को जल परिवहन के माध्यम से विकसित किया जाएगा. सोमवार को मंडलायुक्त डॉ राजशेखर ने सर्वे टीम को कानपुर से प्रयागराज के लिए रवाना किया है. गंगा में जल पर्यटन को बढ़ावा देने की कोशिशें शुरू हो गई हैं.

सोमवार की सुबह मंडलायुक्त डॉ राजशेखर ने कानपुर स्थित गंगा बैराज से सर्वे टीम को प्रयागराज के लिए रवाना किया है. यह टीम परीक्षण करेगी कि कानपुर से प्रयागराज के बीच वाटर बोट से जाने में कितना समय लगेगा, जल परिवहन में कहीं कोई परेशानी तो नहीं है, कहां कहां मोबाइल नेटवर्क है और कहां पर काम नहीं करता है. गंगा में किस स्थान पर पुलिस का वायरलेस सेट भी निष्क्रिय हो जाता है. यह कवायद इसलिए की जा रही है क्योंकि मंडलायुक्त ने नवंबर के अंत में बोट क्लब के उद्घाटन अवसर पर कानपुर से प्रयागराज तक गंगा वाटर रैली निकालने का निर्णय लिया है. पहली बार रैली में अधिकांश सरकारी तंत्र का इस्तेमाल होगा और फिर हर साल रैली में पर्यटकों की संख्या अधिक होगी. सूत्रों के मुताबिक योजना यह है कि हर साल वाटर रैली कानपुर से रवाना होगी, जो उन्नाव के बक्सर, रायबरेली के डलमऊ, प्रतापगढ़ के काला काकर और श्रृंगवेरपुर होते हुए प्रयागराज पहुंचेगी.

इन पांच स्थानों पर रैली को ठहराव दिया जाएगा. यह पांचों स्थान पौराणिक हैं और गंगा किनारे पर्यटन क्षेत्र विकसित किया जाएगा ताकि हर साल रैली में अधिक से अधिक लोग जुड़ें और रोमांच का अनुभव कर सकें. इस योजना को मूर्त रूप देने के लिए कानपुर में जल पुलिस की संख्या में वृद्धि की गई है. साथ ही गंगा बैराज पर पीएसी की एक बटालियन का भी कैंप करने की भी तैयारी है. दोनों तंत्र गंगा किनारे होने वाली अवैध गतिविधियों व अन्य समस्याओं को भी देखेंगे ताकि हर साल रैली के लिए उपयुक्त माहौल तैयार किया जा सके. जानकारी के मुताबिक कानपुर से प्रयागराज तक निकलने वाली रैली को गंतव्य तक पहुंचने में लगभग 12 घंटे का समय लगेगा. यह रूपरेखा तैयार की जा रही है कि रैली किस समय से कानपुर से रवाना की जाए और अपने ठहराव स्थलों पर कब-कब पहुंचे. किस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, इसपर भी मंथन किया जा रहा है.

