ABC News: कानपुर में चार साल के बच्चे की मौत हो गई. जबकि उसकी मां और दूसरे बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पिता का कहना है कि इलेक्ट्रॉल पाउडर पीने के बाद तीनों की हालत बिगड़ी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने इलेक्ट्रॉल के पैकेट को जांच के लिए भेजा है. घटना काकादेव थानाक्षेत्र के मतैयापुरवा की है.
दोना-पत्तल की फैक्ट्री चलाने वाले मतैयापुरवा निवासी आशू राजपूत ने बताया कि शनिवार सुबह उनकी पत्नी मोहनी की तबीयत खराब थी और लगातार उल्टियां हो रही थीं. इसके बाद वे बाहर से दवा और इलेक्ट्रॉल लेकर आए. आशु के अनुसार, उन्होंने खुद अपनी पत्नी को इलेक्ट्रॉल दिया और काम से चले गए. इसके बाद पत्नी में बाद में भी इलेक्ट्रॉल पिया और फिर उसी इलेक्ट्रॉल घोल को उन्होंने अपने 4 साल के बेटे कृष्णा राजपूत को दिया. इसके साथ ही छोटे भाई के बेटे गगन को भी वही घोल पिलाया गया. कुछ देर बाद तीनों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. सभी को तेज उल्टियां होने लगीं और उनकी हालत लगातार खराब होने लगी. पत्नी के फोन पर घर पहुंचे आशू तीनों को लेकर मरियमपुर अस्पताल पहुंचे, जहां पर डॉक्टरों ने कृष्णा को मृत घोषित कर दिया. वहीं, पत्नी मोहनी और भतीजे गगन का गंभीर हालत में उपचार चल रहा है. सूचना मिलने पर काकादेव पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि लैब की जांच रिपोर्ट से इलेक्ट्रॉल के बारे में पता चलेगा क्योंकि मृतक के पिता के अनुसार, डॉक्टर प्वॉइज़निंग से मौत बता रहे हैं.

