ABC News: नगर निगम में महापौर के खिलाफ मोर्चा खेले छह पार्षदों का मामला अब खुलेआम दो ध्रुवों में बंट गया. पिछले दिनों सीएसए में पार्षद पवन गुप्ता के मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने के बाद अब नगर निगम में भाजपा के 75 पार्षदों ने एक साथ आकर मोर्चा खोले छह पार्षदों के खिलाफ जंग का ऐलान किया. हालात यहां तक पहुंच गए कि भाजपा पार्षद दल नेता ने अपने ही दल के पार्षद को लैपटॉप चोर तक कह दिया. दूसरे पार्षद पर छह मुकदमे गिना दिए.
इसके साथ ही यह भी कह दिया तो तो संगठन इन छह पार्षदों को निष्कासित करे या फिर सभी 75 पार्षद का निष्कासन किया जाए. मोतीझील स्थित प्रमिला सभागार में भाजपा के 75 पार्षदों ने प्रेस कांफ्रेंस की. पार्षद दल नेता नवीन पंडित ने कहा कि सीएसए में किस माननीय की गाड़ी में बैठकर पार्षद पवन गुप्ता सीएम से मिलने पहुंचे, इसे सार्वजनिक किया जाए.
आरोप लगाया कि छह पार्षद महापौर, उनके परिवार की बदनामी कर रहे हैं, लिहाजा संगठन संज्ञान लेकर अब एक्शन ले क्योंकि अब सबकुछ बर्दाश्त से बाहर हो गया है. पार्षद दल नेता नवीन पंडित ने दावा किया कि महापौर सभी के साथ समान व्यवहार कर रही हैं. लेकिन पार्षद पवन गुप्ता इसके पहले जो सदन हुए उसमें कभी पोस्टर तो कभी बाल्टी या फिर हाउस टैक्स के विरोध में टी शर्ट पहनकर सदन में जाते हैं.
उन्होंने कहा कि पार्षद अंकित मौर्य पर लैपटॉप चोरी का मुकदमा है, जो उन्होंने चुनाव के समय छिपाया था और भाजपा कार्यकर्ता बनवारी लाल ने उन पर लैपटॉप चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है. बाकी चार पार्षद उनके समर्थन में खड़े हैं. उन्होंने कहा कि अंकित निर्दलीय चुनाव जीतकर भाजपा में शामिल हुए थे.
आरोप लगाया कि छह पार्षद बाकी अन्य पार्षदों को बैकफुट पर लाने का काम कर रहे हैं. संत लाल का हाता में सीवर लाइन की बात आयी तो कहा गया कि वह प्राइवेट हाता है, अगर वहां पर कार्य होगा तो सारे अन्य प्राइवेट हाते और सोसाइटी क्षेत्रों में क्या होगा. बहरहाल, पार्षदों के देा गुट होने से स्थानीय भाजपा नेतृत्व की मुश्किल और बढ़ गई है.

