ABC News: कानपुर में कलक्टरगंज गल्ला मंडी में आग ने जमकर तांडव मचाया. यहां पर केमिकल गोदाम से लगी आग ने मंडी की दुकानों को ऐसा चपेट में लिया कि हर तरफ हाहाकार मच गया.
हालत यह थी कि कई किलोमीटर दूर से आग की लपटें और काला धुंआ दिखाई दे रहा था.पहले तो स्थानीय दुकानदारों ने यहां पर काम करने वाले मजदूरों के साथ आग बुझाने की कोशिश की लेकिन तेजी से भड़कती आग ने सभी को पैर पीछे खींचने पर मजबूर कर दिया. आग की चपेट से 12 सिलेंडर फट गए हैं.
ई- रिक्शा बैटरियों और केमिकल के ड्रमों में भी जोरदार धमाके हुए. इसके अलावा कुछ तेल और मोबिल आयल के ड्रम भी फटे हैं. आग की वजह से से 3 चार पहिया वाहन, 12 ई-रिक्शा और 20 के आसपास दो पहिया वाहन जलकर स्वाहा हो गए.
इसके अलावा लाखों की कीमत का अनाज जल गया,, वहीं आग बुझाने में कई टन अनाज भीग गया. जहां पर गोदाम और दुकान थी वहां पर केवल राख ही राख दिखाई दे रही थी. चूंकि यह इलाका थोक व्यापार के लिए जाना जाता है, इसलिए व्यापारियों को करोड़ों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है.
पांच दर्जन से अधिक दुकानें पूरी तरह से जलने की बात कही जा रही है. सीएफओ दीपक शर्मा भी लगातार यहां पर फायर फाइटर्स के साथ जूझते रहे.
हालत यह रही कि शाम सात बजे तक दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में जुटी थीं,, आग की घटना के दौरान यहां पर कुछ लोग झुलस भी गए.

