ABC News: जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज एक बार फिर चर्चा में है. यहां पर संदिग्ध अवस्था में छत से गिरकर महिला डॉक्टर की मौत हो गई. महिला डॉक्टर की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मच गया. मेडिकल कॉलेज प्रशासन भी इस घटना के बाद सकते हैं. मौके पर पहुंची पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

बताया जा रहा है कि जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में बरेली निवासी दीक्षा तिवारी मेडिकल की पढ़ाई कर रही थी. इस साल उसने एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की है और 25 जून को उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज में ज्वॉइनिंग लेनी थी. बताया जा रहा है इसी खुशी को लेकर देर रात वह मेडिकल कॉलेज में अपने मित्रों के साथ पार्टी करने आयी थी. इस दौरान दीक्षा ने मेडिकल कॉलेज के एग्जामिनेशन भवन में पार्टी की. देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में छत से गिरने से उनकी मौत हो गई. बेटी की मौत के बाद जैसे ही इसकी जानकारी उसके परिजनों को मिली तो कोहराम मच गया. परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कहा है कि फर्श पर खून के धब्बे मिले हैं. उसे पैरों से घसीटा गया. उसकी हत्या की गई है.

महिला डॉक्टर की मौत की जांच करने के लिए मौके पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर हरीशचंदर भी पहुंचे. यहां पर फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए. पुलिस पूछताछ में दीक्षा के साथ मौजूद दो डॉक्टरों ने पूरी घटना को हादसा बताया है. उन्होंने कहा कि दीक्षा जहां पर बैठी थी, वह जगह ही टूट गई. पुलिस कॉलेज में लगे सीसीटीवी फुटेज से भी जांच करने में जुटी है. पुलिस ने दीक्षा के साथ मौजूद दोनों डॉक्टरों को हिरासत में भी लिया है. डीसीपी सेंट्रल आरएस गौतम का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है.

डॉ. दीक्षा और उनके मित्र ने अनाधिकृत तरीके से प्रवेश किया
डॉ. दीक्षा और उनके मित्र ने अनाधिकृत तरीके से प्रवेश कियाजीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में संदिग्ध अवस्था में छत से गिरकर महिला डॉक्टर की मौत के मामले में यहां के प्रशासन में भी हड़कंप मचा हुआ है.महिला डॉक्टर की मौत के बाद आनन फानन में मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने मीडिया के सामने आकर सफाई भी दी, हालांकि, मेडिकल कॉलेज की डिप्टी प्रिंसिपल डॉ. रिचा गिरी की सफाई में कई बातें अनुत्तरित रह गईं. जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल डॉ. रिचा गिरी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज कैंपस में मृतक डॉ. दीक्षा तिवारी और उनके साथी डॉ मयंक और डॉ. हिमांशु ने अनाधिकृत तरीके से प्रवेश किया था. डॉ. दीक्षा तिवारी और उनके साथी इस समय मेडिकल कॉलेज परिसर के निवासी नहीं थी. मृतक डॉ. दीक्षा तिवारी 2018 के बैच की थी और साल 2023 में उनका एसबीबीएस कंपलीट हो गया. इसके बाद वह बाहर रह रही थीं. इसके बाद यह सवाल खड़े होने शुरू हो गए हैं कि मेडिकल कॉलेज में न रहने के बावजूद मृतक डॉक्टर और उनके साथी यहां पर क्यों आए और जब मेडिकल कॉलेज की छत पर पार्टी करने गए, तो यहां पर किसी सिक्योरिटी वाले ने उन्हें रोका क्यों नहीं. इसको लेकर मीडिया ने जब सवालों की झड़ी लगाई तो डॉ. रिचा गिरी अधिकतर जांच की बात ही करती रहीं. उन्होंने बार बार यही कहा कि तीनों पूर्व छात्र थे, वो अब हमारे यहां के छात्र नहीं थे और न ही कैंपस के निवासी थी.इसके बावजूद देर रात तीनों को मेडिकल कॉलेज कैंपस में इंट्री कैसे मिल गई, इसका जवाब किसी के पास नजर नहीं आया. उन्होंने कहा कि पूरी घटना की मेडिकल कॉलेज प्रशासन खुद इंटरनल जांच करा रहा है. ड्यूटी पर कौन गार्ड थे और कैसे आए, यह सारी बातें जांच में सामने आएंगी.

