ABC News: कानपुर में इंदिरानगर के रतन आर्बिट अपार्टमेंट निवासी दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता के रूप में उसके पुत्र सुब्रत विनोचा को गिरफ्तार किया है. इस पूरे घटनाक्रम का पर्दाफाश करते हुए पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने जितनी भी बातें बताईं, उसमें हत्याकांड की दो सबसे बड़ी वजह सामने निकलकर आयी हैं. पुलिस आयुक्त के अनुसार, विनीत जुआ और सट्टा खेलता था और उस पर 40 से 50 लाख रूपए का कर्ज हो चुका था.
इसके अलावा उसे शक था कि उसके पिता की किसी दूसरी महिला के साथ संबंध हैं और उनका आचरण सही नहीं है. पुलिस आयुक्त ने बताया कि सुब्रत को इस बात का शक था, उसके पिता दूसरी महिला के साथ रहने लगे थे, ऐसे में दूसरी महिला को संपत्ति दी जा सकती है. पूछताछ में यह भी पता लगा कि विनीत मिनोचा की पत्नी गाजियाबाद में अलग रहती हैं और पति पत्नी के बीच बेहतर संबंध नहीं हैं. इसके अलावा बहू और सास के बीच भी संबंध ज्यादा अच्छे नहीं थे.
पुलिस के अनुसार, सुब्रत ने मां के अलग रहने का कारण भी पिता के गलत आचरण को बताया. पुलिस पूछताछ में सुब्रत का जो वीडियो सामने आया है, उसमें भी उसने अपने पिता पर कई औरतों से संबंध का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि सुब्रत ने करीब तीन महीने पहले हत्या की योजना बनाई थी.
पहले दवा कारोबारी का एक्सीडेंट किया जाना था लेकिन बाद में तकिया से मुंह दबाकर हत्या की योजना बनी और उसे हार्ट अटैक का नाम देने का प्लान था लेकिन ऐन मौके पर विशाल और राजकिशोर ने चाकू से उनकी हत्या कर दी. घटना से पहले विशाल ने चार बात सुब्रत से बातचीत की. शातिर दिमाग सुब्रत ने हर बार शालू से ही उसकी बातचीत कराई, जिससे उस पर शक न जा सके. पुलिस के अनुसार, विशाल गौतम वर्ष 2010 से 2022 तक विनीत मिनोचा के मेडिकल स्टोर पर काम करता था. वर्ष 2022 में चोरी के आरोप में उसे नौकरी से निकाल दिया गया था. इसके बाद से विनीत मिनोचा और विशाल के बीच संबंध खराब हो गए थे. सुब्रत ने ही विशाल और राजकिशोर के जरिए डुप्लीकेट चाभी बनवाई थी.
शालू के खिलाफ जांच में पुलिस को नहीं मिला कोई साक्ष्य
दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में जेल में बंद शालू को फिलहाल पुलिस की क्लीन चिट मिल गई है. पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने बताया कि पूछताछ में विशाल गौतम ने पुलिस को बताया कि शालू मिनोचा का हत्या की साजिश में कोई हाथ नहीं था. उसके मुताबिक, पूरी योजना सुब्रत मिनोचा ने बनाई थी. पुलिस के अनुसार, सुब्रत ने विशाल और राजकिशोर के जरिए घर की डुप्लीकेट चाबी बनवाई थी. पुलिस का कहना है कि शुरुआती पूछताछ में विशाल ने हत्या की साजिश में शालू मिनोचा का नाम लिया था, लेकिन विवेचना के दौरान शालू की संलिप्तता के पुष्टिकारक साक्ष्य नहीं मिले. पुलिस के मुताबिक, सुव्रत ने खुद को बचाने और अपनी पत्नी को मामले में फंसाने की योजना बनाई थी. पुलिस आयुक्त ने बताया कि शालू के खिलाफ जांच में ऐसा कोई साक्ष्य नहीं मिला है, जिसके आधार पर उसे चार्जशीट किया जा सके. वहीं, शालू के वकील शिवाकांत दीक्षित ने पुलिस को धन्यवाद दिया है, उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामले की निष्पक्ष विवेचना की है.उन्होंने शालू हर बार यह खुद को निर्दोष बता रही थी, उसे निर्दोष होने के बाद जेल भेजा गया.

