ABC News: कानपुर में एक्सप्रेस रोड पर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब यहां पर एफडीए की टीम खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग के लिए पहुंची. व्यापारियों का आरोप है कि खोए की दुकान में पहुंची एफडीए की टीम ने खाद्य पदार्थों की हर दुकान में सैंपलिंग किए जाने की बात कही.
इससे यहां पर जमा व्यापारी भड़क गए और उन्होंने अपनी दुकानों के शटर गिराकर विरेाध प्रदर्शन शुरू कर दिया. इस दौरान एक्सप्रेस रोड पर जाम लगाने के प्रयास के साथ जमकर नारेबाजी की. सूचना पर स्थानीय पुलिस, विभागीय अधिकारी और व्यापारी नेता भी पहुंच गए. यहां पर व्यापारी नेताओं ने रक्षाबंधन से पहले हर दुकान मेें खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग का विरोध किया.
व्यापारी नेता ज्ञानेश मिश्र ने इसे व्यापारियों का उत्पीड़न बताते हुए कहा कि त्योहारों पर ही एफडीए विभाग क्यों सक्रिय होता है, उन्होंने कहा कि जिस दुकान के खिलाफ शिकायत हो. वहां पर जांच और सैंपलिंग से उन लोगों को कोई ऐतराज नहीं है लेकिन हर दुकान में सैंपलिंग की बात उन लोगों को स्वीकार नहीं है. इसी को लेकर बाजार भी बंद कर दिया गया. उन्होंने दूध और उससे जुड़े खाद्य पदार्थों की जांच के मानक बदलने की भी मांग की है.

तीन खोया मंडियो में जांच, 450 किलो दूषित बदबूदार खोया कराया नष्ट
कानपुर में रक्षाबंधन से एफडीए अधिकारियों ने शहर की खोया मंडियों में अभियान चलाया. हटिया खोया मंडी, एक्सप्रेस रोड और फजलगंज खोया मंडी में हुई कार्रवाई के दौरान 19 नमूने संग्रहित किए गए. एफडीए अधिकारियों के अनुसार, हटिया खोया मंडी में बिक्री के लिए रखा 450 किलोग्राम दूषित और बदबूदार खोया को जब्त कर उसे नष्ट कराया गया. इस खोये को बाबूपुरवा स्थित नगर निगम डंपिग यार्ड में नष्ट कराया गया. एफडीए अधिकारियों ने यह भी बताया कि एक्स्प्रेस रोड पर व्यापारियों से संवाद के बाद नियमानुसार सैंपल लिए गए, त्योहारों को देखते हुए अभियान आगे भी जारी रहेगा.

