ABC News: चकेरी थानाक्षेत्र के पोखरपुर में प्रोसेसिंग कारखाने से करीब 18 किलो चांदी चोरी करने के मामले पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी पहले कारखाने के आसपास काम कर चुका था और उसे वहां की गतिविधियों की जानकारी थी. चोरी के बाद चांदी को छिपाकर रखा गया और फिर उसे गलाकर बाजार में बेचने की तैयारी की जा रही थी.
बता दें कि नौबस्ता के संजय गांधी नगर निवासी नितिन तुपे के कारखाने में 12 अक्टूबर को चोरी हुई थी. छत से रस्सी के सहारे आए चोर ने 18 किलो चांदी पाउडर पर हाथ साफ कर दिया था. जांच में विकास यादव का नाम सामने आया. पुलिस के मुताबिक, विकास करीब छह महीने पहले घटनास्थल के पास स्थित एक अन्य चांदी प्रोसेसिंग कारखाने में काम करता था और नितिन तुपे के कारखाने में भी उसका आना-जाना था. विकास ने बताया कि उसकी दादी को कैंसर है. उसने बताया कि उनके इलाज कराने में कर्जदार हो गया था. इसलिए उसने पिता संग चोरी की और अमेठी के शंकरगंज बाजार निवासी शिवपाल के जरिये बेचने की फिराक में था, तभी पकड़ा गया. शिवपाल चांदी का पाउडर गलाने वाले से मिलवाने जा रहा था.
पुलिस का कहना है कि चोरी के बाद विकास चांदी को बोरी में छिपाकर अपनी बुआ के घर ले गया था. इसके बाद वह अपनी बीमार दादी को लेकर अमेठी स्थित गांव चला गया. 14 अक्टूबर को वह अपने पिता बसंतलाल को साथ लेकर कानपुर लौटा और बुआ के घर से चोरी की चांदी लेकर उसे गलवाकर बेचने के लिए निकल पड़ा. इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर चकेरी पुलिस ने रामादेवी रैम्प से लखनऊ जाने वाले मार्ग पर फ्लाईओवर के ऊपर दोनों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने विकास यादव के कब्जे से 11.830 किलो और बसंतलाल के कब्जे से 3.310 किलो चांदी बरामद की.

