ABC News: कानपुर में क्राइम ब्रांच ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जोकि फर्जी फर्म बनाकर बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी करता था. पुलिस ने इस मामले में चार्टर्ड एकाउंटेंट समेत दो को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने जल्द ही मुख्य आरोपी की भी गिरफ्तारी किए जाने का दावा किया है.
डीसीपी क्राइम श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि क्राइम ब्रांच ने रावतपुर से सीए एहतेशाम और कमल साहू नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है. इन लोगों ने अपूर्वा ट्रेडिंग कंपनी के नाम से फर्जी जीएसटी पंजीकरण किया. फर्म का पता मेहरबान सिंह का पुरवा दर्शाया गया लेकिन जब जांच की गई तो मौके पर कुछ नहीं मिला और मोबाइल नंबर भी फर्जी मिला. इस दौरान अभियुक्तों ने टैक्स और पेनाल्टी मिलाकर दो करोड़ 66 लाख 93 हजार रूपए की टैक्स चोरी की.
कंपनी का दलहन और तिलहन मेे पंजीकरण कराने के साथ मूंगफली की ट्रेडिंग दिखाई गई थी. डीसीपी ने बताया कि गिरोह के मास्टर माइंड पर निगाह रखी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा. इसके अलावा, गिरोह में और कौन कौन शामिल है, इसका पता लगाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि कानपुर में पिछले दिनों 20 जीएसटी के मुकदमे लिखे गए थे. गिरोह के सदस्य फर्जी इनवाइस तक जारी करते थे.

