ABC News: सीसामऊ विधानसभा में चल रहा चुनाव प्रचार 18 नवंबर की शाम पांच बजे थम जाएगा. चुनाव प्रचार के अंतिम दिनों में अब सारे दल अपनी ताकत झोंकने की तैयारी करने में लगे हैं. अब पुलिस ने एक एइवाइजरी जारी की है, जिसमें चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद को लेकर दिशा निर्देश दिए गए हैं.

इस एडवाइजरी में कहा गया है कि चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद 18 नवंबर की रात 12 बजे से पूरी विधानसभा में सघन निरीक्षण किया जाएगा. ऐसे में सीसामऊ विधानसभा में जो मतदाता नहीं हैं, उनके घुसने पर प्रतिबंध रहेगा. किसी राजनीतिक दल का पदाधिकारी और प्रभारी अगर कानपुर में रूकता है, तो उसे अपने ठहरने के स्थान के बारे में बताना होगा. प्रचार अवधि समाप्त होने के बाद संबंधित पदाधिकारी का आवागमन केवल दल कार्यालय और ठहरने के स्थान के बीच ही होगा. पुलिस का कहना है कि इस दौरान विधानसभा में आने वाले गेस्ट हाउस, सामुदायिक भवन आदि की जांच कर यह देखा जाएगा कि कहीं पर कोई बाहरी व्यक्ति तो ठहरा हुआ नहीं है. होटल, लॉज और गेस्ट हाउस मेें ठहरने वाले व्यक्तियों की भी जांच की जाएगी. इसके अलावा आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन कराया जाएगा.

20 नवंबर को सीसामऊ में होने वाले मतदान को लेकर सार्वजनिक अवकाश भी घोषित कर दिया गया है. इसके अलावा मतदाताओं को बताया गया है कि अगर उनके पास वोटर आईडी कार्ड नहीं हैं, तो वह अन्य विकल्पों से मतदान कर सकते हैं.

एडीएम वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार ने बताया है कि मतदान के दिन मतदाता को अपनी वोटर आईडी साथ ले जानी होगी, अगर किसी के पास वोटर आईडी नहीं है तो मतदाता अपनी पहचान स्थापित करने के लिए आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंक या डाकघर की फोटोयुक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय की योजना के स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेन्स, पैन कार्ड, एनपीआर के अन्तर्गत आरजीआई द्वारा निर्गत स्मार्ट कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेन्शन दस्तावेज, केन्द्र राज्य सरकार/लोक उपक्रम/पब्लिक लिमिटेड कम्पनियों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी किये गये फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, सांसदो/विधायकों/विधान परिषद सदस्यों को जारी किये गये सरकारी पहचान पत्र और यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार में से कोई एक वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा.

