ABC News: कल्याणपुर में विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन के नीचे ठेले से ई-रिक्शा टकराने पर कुछ युवकों ने ई-रिक्शा चालक को बेरहमी से पीटा. इस दौरान युवकों ने ई-रिक्शा भी पलटा दिया. मौके पर पहुंची पुलिस के सामने भी युवक ई-रिक्शा चालक को बेरहमी से पीटते रहे. साथ ही युवकों ने मौके पर पहुंची पुलिस के साथ भी धक्का-मुक्की कर दी.

सोमवार देर रात एक ई रिक्शा कल्याणपुर से विश्वविद्यालय की ओर जा रहा था. अभी ई-रिक्शा विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन के नीचे पहुंचा ही था, कि तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार टेंपो से बचने के चलते ई-रिक्शा सड़क किनारे लगे ठेले से टकरा गया. जिस पर भड़के ठेले वाले ने ई-रिक्शा चालक को पकड़कर अपने साथियों को बुला लिया. मौके पर पहुंचे करीब आधा दर्जन युवक ई रिक्शा चालक को बेरहमी के साथ दौड़ा-दौड़ा कर पीटने लगे. घटना के समय चंद कदमों की दूरी पर स्थित इस विद्यालय चौकी के सिपाही व सिक्योरिटी गार्ड भी मौके पर पहुंच गए. लेकिन बावजूद इसके युवक ई रिक्शा चालक को पुलिस के सामने ही पीटते रहे. इस दौरान पुलिस ने हिम्मत दिखाते हुए जब मारपीट का विरोध किया, तो युवक पुलिस के साथ भी धक्का-मुक्की करने पर उतारू हो गए. करीब आधा घंटे तक युवकों द्वारा उत्पात मचाने के बाद पुलिस के शक्ति करने पर आरोपित युवक ई रिक्शा चालक को जान से मारने की धमकी देकर वहां से निकल गए. पुलिस की मौजूदगी में हुई मारपीट की इस घटना का वहां खड़े किसी युवक ने वीडियो बना लिया. मंगलवार को यह वीडियो वायरल हो गया. कल्याणपुर एसीपी दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई है. वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी युवकों की पहचान कर विधिक कार्रवाई की जाएगी.

