ABC News: कानपुर में पार्षद और ठेकेदारों का गठजोड़ स्थानीय जनता को दर्द दे रहा है. बारिश के मौसम के बाद भी साउथ सिटी के बर्रा चार में नाले के लिए खुदाई शुरू कर दी गई. स्थानीय लोगों ने जब विरोध किया तो आरोप है कि यहां पर पार्षद ने काम बंद करा दिया. घरों के सामने खाई खुदने के बाद अब स्थानीय लोग परेशान हैं और पार्षद पर मनमानी करने के आरोप लगा रहे हैं.
बर्रा चार में रहने वाले सीमा त्रिपाठी ने बताया कि 15 जुलाई को यहां पर खुदाई का काम शुरू किया गया, जिसको लेकर उन लोगों ने विरोध किया. आश्वासन के बावजूद कुछ समय में बुलडोजर लगाकर नाले के लिए खुदाई की जाने लगी. इसके कुछ दिन बाद ठेकेदार ने सीवर लाइनों को नाले में ही मिलाने की बात कही तो लोगों ने विरोध कर दिया.
आरोप है कि इसके बाद पार्षद देवेंद्र द्विवेदी ने यहां पर काम बंद करा दिया. काम बंद होने के बाद अब यहां पर लोगों के घरों के सामने गहरा गड्ढा हो गया है. उनका कहना है कि बारिश के दौरान अब घरों के अंदर तक गंदा पानी भर जाता है लेकिन कोई सुनवाई करने को तैयार नहीं है.
न तो नाला बन रहा है और न ही गड्ढे को बंद किया जा रहा है, जिससे हादसे का भय बना हुआ है.उनका कहना है कि खुदाई में सीवर और पाइप लाइनों को भी तोड़ दिया गया है.

