ABC News: नगर निगम में महापौर और मोर्चा खोले पार्षदों के बीच विवाद और गहराता जा रहा है. पिछले दिनों हुए बवाल के बाद देर रात भाजपा पार्षद पवन गुप्ता ने जहां सुरक्षा की गुहार लगाते हुए डीसीपी सेंट्रल कार्यालय में पत्र दिया. वहीं, बुधवार दोपहर को एक अन्य बीजेपी पार्षद लक्ष्मी कोरी ने पिछले दिनों सदन में खुद को अपमानित करने और अभद्रता का आरोप लगाते हुए पार्टी के अन्य पांच पार्षदो के खिलाफ एफआईआर लिखने को पत्र दिया है.
एक दिन पहले रात में डीसीपी सेंट्रल कार्यालय पहुंचे बीजेपी पार्षद पवन गुप्ता ने शनिवार को हुई घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि महापौर पुत्र ने कौशलपुरी मंडल के मंत्री को बंधक बनाने के साथ ही उनके साथ भी मारपीट की. साथी पार्षदों ने उन्हें बचाया. पार्षद पवन गुप्ता ने जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए महापौर पुत्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है.
इसके अलावा पार्षद लक्ष्मी कोरी ने कहा कि सदन में जब वह मंडल मंत्री को बंधक बनाने की बात रखने गईं तो उनके साथ अन्य पार्षदों ने अभद्रता करते हुए अपमानित किया और सदन में बोलने तक का मौका नहीं दिया.
डीसीपी सेंट्रल को दिए गए पत्र में खुद पर हमला और मारपीट की आशंका जाहिर की है. उन्होंने पार्षद आकर्ष बाजपेयी, वंदना शर्मा, विद्या वर्मा, गोविंद शुक्ला और गोलू शुक्ला के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है.

