ABC News: फजलगंज थाना क्षेत्र के दर्शनपुरवा मुहल्ले में तखत पर सोने को लेकर दो भाईयों में ऐसा विवाद हुआ कि बड़े भाई ने छोटे भाई का सिर ईंट से कुचलकर उसकी हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि घटना क समय दोनों भाई नशे में थे और कुछ देर पहले ही मेला देखकर लौटे थे.
बताया जा रहा है कि दर्शनपुरवा निवासी शिवकुमार उर्फ बल्लू कश्यप फैब्रिकेटिंग का काम करता था, जबकि उसका बड़ा भाई सतीश उर्फ बच्ची पेंटिंग और पुताई का काम करता है. दोनों के माता-पिता का निधन हो चुका है. परिवार में उनकी पांच बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है. परिजनों के अनुसार, एक दिन पहले दोनों भाई मेला देखने गए थे. वहां से देर रात नशे की हालत में घर लौटे. घर पहुंचने के बाद छत पर पड़े एक ही तखत पर सोने को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई बच्ची ने ईंट से बल्लू के सिर पर वार कर दिया. सिर बुरी तरह कुचल जाने से उसकी मौत हो गई. बुधवार सुबह लोगों ने छत पर बल्लू को लहूलुहान हालत में पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी. इसके बाद फजलगंज थाना प्रभारी धनंजय कुमार पांडेय और एसीपी ज्योति श्री पुलिस व फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने जब आरोपी से पूछताछ की तो पहले उसने मकान के विवाद में अपनी बुआ के बेटे पर हत्या करने का आरोप लगाया. बाद में कड़ाई से पूछताछ में वह टूट गया और खुद हत्या करना स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.

