ABC News: कानपुर के परमट में आज उस समय बड़ा हंगामा खड़ा हो गया, जब यहां पर प्राथमिक विद्यालय के पुर्ननिर्माण के दौरान सपा और भाजपा समर्थक आमने सामने आ गए. विद्यालय में निर्माण कार्य के भूमिपूजन को लेकर दोनों दलों के समर्थक आमने-सामने आ गए. इस दौरान मारपीट, नारेबाजी के बीच जमकर गाली गलौच और चप्पलें दिखाई गईं.
श्रेय की जंग में छिड़ी इस सियासी अदावत में सड़क पर राजनैतिक शिष्टाचार पानी मांगता हुआ नजर आया. आरोप है कि स्कूल के पुर्ननिर्माण कार्य में लगे ठेकेदार और मजदूरों से यहां पर भाजपा नेता सुरेश अवस्थी ने मारपीट की. इस बात की सूचना पर यहां पर सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी भी समर्थकों समेत आ गए और नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए.
आरोप है कि यहां पर बीजेपी के कुछ नेताओं ने गाली गलौच भी की, भाजपा नेताओं ने सपा समर्थकों पर गाली गलौच का आरोप लगाया. इसको लेकर दोनेां के समर्थक आपस में भिड़ भी गए. इस दौरान पुलिस किसी न किसी तरह दोनों पक्षों के बीच टकराव को रोकती हुई नजर आयी. इसको लेकर सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी की पुलिस से भी काफी बहस हो गई. पुलिस के सामने ही दोनों नेताओं के समर्थक आपस में नारेबाजी कर हंगामा करते रहे.
विधायक ने हाथ जोड़े तो भाजपा नेता उन्हें चप्पल दिखाते हुए नजर आए. इसके बाद पुलिस सपा विधायक को जीप में बैठाकर डीसीपी सेंट्रल कार्यालय ले गई, यहां पर एडीएम सिटी, डीसीपी सेंट्रल से बातचीत के दौरान सपा विधायक मो. हसन रूमी, नसीम सोलंकी, पूर्व विधायक इरफान सोलंकी आदि भी पहुंच गए.
सपा विधायक का आरोप है कि वह प्राथमिक विद्यालय का पुर्ननिर्माण करा रहे हैं, जो बीेजेपी नेता सुरेश अवस्थी को रास नहीं आ रहा है. उन्होंने सुरेश अवस्थी पर पूर्व में भी मजदूरों से मारपीट का आरोप लगाया, विधायक ने कहा कि 15 मई को वह स्कूल में होने जा रहे निर्माण कार्य का शिलान्यास करेंगे. वहीं भाजपा नेता सुरेश अवस्थी का कहना है कि 14 मई को यहां पर सांसद का शिलान्यास कार्यक्रम है.
डीसीपी सेंट्रल ने कहा कि विधायक ने मामले को लेकर एप्लीकेशन दी है, जिसकी जांच की जाएगी.

