ABC News: नवाबगंज थाना क्षेत्र के बनियापुरवा इलाके में देर रात आयोजित एक नौटंकी के दौरान पुलिस और लोगों के बीच खूनी संघर्ष हो गया. आरोप है कि एक पुलिसकर्मी ने ग्रामीण के सिर पर डंडा मार दिया, जिससे उसका सिर फट गया. इसके बाद आक्रोशित गंगा कटरी के ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया और सिपाहियों को खेतों में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा.
इस हिंसक झड़प में दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. बताया जा रहा है कि बनियापुरवा में हर साल की तरह इस बार भी नौटंकी का आयोजन हो रहा था. भारी भीड़ के बीच किसी बात को लेकर पुलिस और ग्रामीणों में कहासुनी हो गई. आरोप है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ने एक ग्रामीण के सिर पर डंडे से वार कर दिया. लहूलुहान युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया.
अपने साथी का सिर फटा देख गंगा कटरी के ग्रामीण एकजुट हो गए. उन्होंने पुलिस टीम को चारों तरफ से घेर लिया. ग्रामीणों का रौद्र रूप देख पुलिसकर्मी जान बचाकर खेतों की तरफ भागे, लेकिन भीड़ ने उन्हें पकड़ लिया और जमकर पिटाई की. हमले में दो पुलिसकर्मी बुरी तरह जख्मी हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहीं घटना के बाद नवाबगंज पुलिस ने तीन हमलावरों को गिरफ्तार किया है.

