ABC News: कानपुर में साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन गेमिंग के जाल में लोगों को फंसाकर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह के सरगना और उसके एक साथी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार एक आरोपी ओमकार यादव उर्फ राजवीर सिंह पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था. पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने बताया कि बर्रा पुलिस, क्राइम ब्रांच, साइबर सेल और सर्विलांस की टीम ने संयुक्त आपरेशन चलाकर इस गिरोह का खुलासा किया है. दूसरा आरोपी शिवम सिन्हा है, जिसे बर्रा मोड़ के पास से पकड़ा गया.
पुलिस ने आरोपियों के पास से 5 मोबाइल फोन, अलग-अलग नामों के आधार कार्ड की फोटोकॉपी, आई-20 कार, क्रेटा और हंटर बुलेट बाइक बरामद की हैं. इनके मोबाइल से फर्जी बैंक खातों की भरमार मिली है. पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह डार्क वेब और टेलीग्राम के जरिए लोगों को ऑनलाइन गेमिंग में बड़ी रकम जीतने का लालच देता था. शुरुआत में छोटी-छोटी रकम जिताकर विश्वास जमाते और फिर जब कोई बड़ी रकम लगाता तो उसे मास्टर आईडी से हरा देते.इस धोखाधड़ी से तंग आकर कई पीड़ितों ने आत्महत्या तक कर ली. इसके अलावा, ये लोग डिजिटल अरेस्ट का झांसा देकर लोगों को आतंकित करते और उनके बैंक खाते खाली कर देते थे. इनके जरिए 1600 से ज्यादा शिकायतें 9 राज्यों में दर्ज हैं.
बताया गया कि गैंग का सरगना ओमकार यादव नए-नए पढ़े-लिखे युवाओं को लग्जरी लाइफ और पैसों का लालच देकर अपने गिरोह में शामिल करता था. उसके साथ गिरफ्तार शिवम सिन्हा पीएसआईटी से बीटेक और टूरिज्म का कोर्स कर चुका है. आरोपियों ने अपनी बहन, बहनोई और बुजुर्गों के खाते खुलवाकर उन्हें कमीशन का लालच दिया.पुलिस ने अब तक 124 बैंक खाते ट्रेस किए हैं. इन खातों में करीब साढ़े चार करोड़ रूपए फ्रीज कराए जा चुके हैं. पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह 2021 से अब तक करीब ढाई सौ करोड़ रुपये का हेरफेर कर चुका है. इसी कमाई से शिवम ने दुबई की यात्राएं कर चुका है. इनका एक साथी अभय शुक्ला उर्फ सुल्तान मिर्जा उर्फ जॉन सीना फरार है और विदेश में है, पुलिस उसके प्रत्यर्पण की कार्यवाही में जुटी है.

