ABC News: कानपुर अग्निकांड में फायर बिग्रेड की 50 से ज्यादा गाड़ियों को रेस्क्यू कार्य में लगाया गया है. रेस्क्यू में लगी ज्यादातर गाड़ियों ने बड़ा चौराहा स्थित जेड स्क्वॉयर मॉल में लगे फायर हाइड्रेंट से पानी भरा. लेकिन शनिवार देर रात मॉल में लगी पानी की मोटर खराब हो गई. शाम 5 बजे तक मॉल में 60 लाख लीटर पानी के रिजर्व स्टोरेज का प्रयोग किया गया, लेकिन शाम को वो भी खत्म हो गय.

मॉल का पंप खराब होने से अब पानी दूर से लाया जा रहा है. ऐसे में हाइड्रोलिक फायर टेंडर मशीनों को पानी के अभाव में करीब 15 मिनट तक इंतजार करना पड़ रहा है. एक हाइड्रोलिक फायर टेंडर मशीन 20 से 25 मिनट में 18 हजार लीटर क्षमता के टैंकर को खाली कर देती है. गाड़ियां जैसे ही घटनास्थल पर पहुंच रही हैं, उनसे तत्काल हाइड्रोलिक गाड़ियों से जोड़कर राहत कार्य किया जा रहा है. मॉल के मैनेजर नौशाद ने बताया कि जिस दिन आग लगी थी, उस रात से लेकर पूरे दिन में 647 गाड़ी पानी यहां से भरा गया था. करीब 60 लाख लीटर पानी का प्रयोग किया गया. शनिवार को 465 गाड़ी पानी यहां से भरा गया. मॉल के गेट नंबर-4 और 6 से फायर बिग्रेड की गाड़ियां पानी 24 घंटे दिन-रात कार्य में जुटी रहीं. हालांकि रेस्क्यू ऑपरेशन में कमी नहीं होने दी जा रही है. आग बुझाने के लिए लगातार फायर टेंडर की गाड़ियों को पानी की जरूरत पड़ रही है. सीओडी, मीरपुर कैंट, साउथ एक्स मॉल, आरएसपीएल फजलगंज, जेड स्क्वॉयर मॉल और फजलगंज फायर स्टेशन से पानी भरा गया. सबसे पास में जेड स्क्वॉयर मॉल ही था, जहां से रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए पानी की कमी को पूरा किया जा रहा था. घटना स्थल से मॉल की दूरी करीब 3 किमी. है. ऐसे में यहां सेफ पैसेज भी गाड़ियों के आने-जाने के लिए बनाया गया था. मॉल प्रशासन ने जल्द ही मोटर को बनाने के इंतजाम शुरू किए हैं. बताया गया कि बीते 60 घंटों से लगातार पानी की पंप चल रहे थे, जिससे हीट होकर वे खराब हो गए हैं.

