ABC News: रसोई गैस को लेकर ही भले ही प्रशासन यह दावे कर रहा हो कि कहीं पर किसी तरह की दिक्कत नहीं है लेकिन हकीकत इसके उलट नजर आ रही है. गैस एजेंसियों पर लग रहीं उपभोक्ताओं की लाइनें और उसके बाद उन्हें सिलेंडर तक कई कई दिन इंतजार कराने से उनका सब्र टूट रहा है.
ऐसा ही नजारा सोमवार को स्वरूपनगर में दिखाई दिया, जहां पर कई दिन बीत जाने के बाद भी उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है. उपभोक्ताओं का कहना है कि वह रोजाना सुबह छह बजे यहां पर लाइन लगाते हैं लेकिन उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहा है. सोमवार को भी जब यहां पर उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिला, तो उनके सब्र का बांध टूट पड़ा.
उपभोक्ताओं का कहना है कि तय समय के बावजूद कानपुर गैस एजेंसी का शटर नहीं खुला. किसी को तीन दिन से तो किसी को छह दिन से गैस एजेंसी के कर्मचारी सिलेंडर के लिए दौड़ा रहा है.
कई उपभोक्ता ऐसे मिले, जिनका डीएसी नंबर भी आ गया और मोबाइल में सिलेंडर डिलीवर होने का मैसेज भी आ गया, लेकिन उनके पास सिलेंडर तक नहीं पहुंचा. इससे नाराज उपभोक्ताओं ने सड़क पर सिलेंडर रखकर जाम लगा दिया.
हंगामे और जाम की सूचना पर मौके पर स्वरूपनगर पुलिस भी पहुंची और आक्रोशित उपभोक्ताओं को समझाकर शांत कराया. पुलिस ने गैस एजेंसी कर्मचारियों को भी उपभोक्ताअेां को सही सूचना दिए जाने के निर्देश दिए.

