ABC News: गंगा मेला पर कानपुर एक बार फिर रंगों की मस्ती में सराबोर दिखा. सुबह हटिया के रज्जन बाबू पार्क में देशभक्ति और होली के तरानों के बीच आकर्षक सजावट की गई. गंगा मेला पर यहां पर डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह, डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता, विधायक अमिताभ बाजपेयी, एमएलसी सलिल विश्नोई समेत अन्य लोग पहुंचे.
यहां पर हटिया होली महोत्सव गंगा कमेटी के संयोजक मूलचंद्र सेठ, ज्ञानेंद्र विश्नोई, विनय सिंह समेत कमेटी पदाधिकारियों ने अफसरों और जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर क्रांतिकारियों के शिलालेख को नमन किया. यहां पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद डीएम ने रज्जन बाबू पार्क में तिरंगा फहराया.
इसके बाद गंगा मेला के आयोजन के इतिहास का बखान किया गया, जिसमें पीएसी का बैंड भी आकर्षण का केंद्र रहा,, इसके बाद तो यहां पर रंगों का ऐसा गुबार छाया कि हर किसी का चेहरा सतरंगी नजर आया.
यहां पर ऐतिहासिक रंगो के ठेला को जैसे ही हरी झंडी दिखाई गई तो छतों और छज्जों से महिलाएं और बच्चे रंगों की बरसात करने लगे. रंगों की इस बरसात में यहां पर आया कोई भी शख्स नहीं बच पाया और सभी खुद को बचाते दिखे.
ऊंट, घोड़े लोडर पर सवार होरियारों का झुंड ड्रमों में भरें रंगों की वर्षा हर किसी पर करता रहा.
यहां से रंगों का ठेला अपने परंपरागत रूट पर घूमा, जहां पर कई जगह उसका स्वागत किया गया. मूलगंज चौराहा पर मुस्लिमों ने भी रंगों के ठेले का इस्तकबाल किया.
पूरे रास्ते एक दूसरे के गले मिलकर सभी को गंगा मेला की बधाईयों का भी आदान प्रदान किया गया.
बिरहाना रोड पर होरियारों के बीच बरसा रंग
गंगा मेला पर बिरहाना रोड पर होरियारों का सैलाब दिखाई दिया. सुबह से यहां पर गंगा मेला को लेकर उत्साह देखा जा रहा था, जो दस बजते बजते भीड़ में तब्दील होने लगा. इसके बाद तो यहां पर जैसे जैसे समय बढ़ता गया, वैसे वैसे होरियारों का सैलाब भी नजर आने लगा. फिल्मी गीतों के बीच यहां पर कपड़ा फाड़ होली के साथ होरियारों ने जमकर डांस किया. इस बीच, जैसे ही फीलखाना थाने की तरफ से हटिया से निकला ऐतिहासिक रंगों का ठेला आया, तो होरियारों ने उसे निकलने के लिए अपने आप रास्ता बना दिया. यहां पर रंगों के ठेले पर होती रंग वर्षा के बीच बिरहाना रोड नवयुवक संघ के पदाधिकारियों ने हटिया होली महोत्सव कमेटी के पदाधिकारियों का स्वागत किया.
रंगों का ठेला निकलने के बाद फिर से यहां पर रंगों की मस्ती, म्यूजिक का ऐसा धमाल मचा कि यहां पर मौजूद हर कदम थिरकता हुआ नजर आया. इस दौरान छतों से भी होरियारों के सैलाब पर पानी से लेकर रंगों की बौछार की जाती रही. दोपहर होते होते यहां पर जमा हजारों युवाओं ने गंगा मेला की रंगत को और बढ़ाने का काम किया, इस दौरान यहां पर मटकी फोड़ने केा लेकर भी टोलियों में खूब जोर आजमाइश देखी गई.

