ABC News: कानपुर में रसोई गैस सिलेंडरों को लेकर मची आपाधापी के बीच डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने गैस एजेंसियों की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए तीन दिन में बैकलॉग खत्म करने के निर्देश दिए हैं. डीएम की बैठक में जो आंकड़े रखे गए, उसके अनुसार, सुभिता गैस एजेंसी पर 2102, भागवत गैस एजेंसी पर 3588 और मीरा गैस एजेंसी पर 2097 सिलेंडरों का बैकलॉग पाया गया.

डीएम के निर्देश पर अब तक दो गैस एजेंसियों पर 11.18 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है. इसमें भागवत गैस एजेंसी पर 4.68 लाख रुपये तथा सुभिता गैस एजेंसी पर 6.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. डीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि तय समयसीमा में सुधार न होने पर संबंधित एजेंसी संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराई जाएगी. यही नहीं, हर गैस एजेंसी को सुबह 10 से शाम पांच बजे तक एक कर्मचारी को उपभोक्तओं की शिकायत दर्ज करने और उनके निस्तारण के लिए तैनात करने को कहा गया है. सभी शिकायतों को रजिस्टर में दर्ज कर संबंधित पूर्ति निरीक्षक को उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है. डीएम स्पष्ट किया कि गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह पारदर्शी और समयबद्ध होनी चाहिए. किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तय है.

