ABC News: कानपुर के डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह की संवेदनशीलता बच्चों के प्रति छिपी नहीं हैं. इसके कई उदाहरण सामने आ चुके हैं. ऐसा ही एक और मामला तब सामने आया जब कलेक्ट्रेट में चल रहे जनता दर्शन में जाजमऊ से दो बच्चियां अपनी मां के साथ आयीं. यहां पर जाजमऊ निवासी शन्नो ने बताया कि उनकी बेटी इस्वा लंबे समय से अपनी मिट्टी की गुल्लक में पैसे जमा कर रही थी.
बच्ची को उम्मीद थी कि गुल्लक भरने के बाद वह अपने लिए स्कूल बैग या कुछ अन्य उपयोगी सामान खरीदेगी. महिला ने आरोप लगाया कि घरेलू सामान के साथ बच्ची की गुल्लक फोड़कर उससे भी रुपये निकाल लिए गए. इस दौरान दोनों बच्चियां यहां पर काफी उदास खड़ी थीं. महिला ने बताया कि मामले की शिकायत पहले भी थाने में की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई. इस पर जिलाधिकारी ने थाना जाजमऊ प्रभारी को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.
इसके बाद दोनों बच्चियों को बुलाकर उन्हें गुल्लक और स्कूल बैग गिफ्ट किया और दोनों गुल्लक में एक एक हजार रूपए भी डलवाए. इसके बाद बच्चियों के चेहरे पर मुस्कान तैर गई और उन्होंने डीएम को धन्यवाद भी बोला.

